“स्मार्ट सिटी नहीं, नरक सिटी है आगरा”-सपा सांसद रामजीलाल सुमन
आगरा।नगर निगम की सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की भारी कमी को लेकर समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए गए और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई।
सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि 23 दिसंबर 2024 को नगर निगम ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें तय किया गया था कि प्रत्येक वार्ड में 10 सफाई कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। आगरा में कुल 100 वार्ड हैं, लिहाज़ा 1,000 सफाईकर्मियों की भर्ती प्रस्तावित थी, लेकिन सात महीने बीत जाने के बावजूद एक भी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि सफाई का जिम्मा एक आउटसोर्सिंग एजेंसी को दिया गया था, जिसका समय-समय पर नवीनीकरण भी हुआ, फिर भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने कहा, “आगरा की आबादी 26 लाख से अधिक है, और यहां 7,500 सफाईकर्मियों की जरूरत है, जबकि तैनाती मात्र 4,000 कर्मियों की है। शेष 3,500 कर्मियों की भारी कमी शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को दर्शाती है।”
“नरक सिटी बना दिया है आगरा को” – रामजीलाल सुमन
सांसद ने नगर निगम पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा कि, “यह स्मार्ट सिटी नहीं, नरक सिटी है। बेशुमार दौलत आगरा में आई, लेकिन हालात बद से बदतर हो गए हैं। चारों ओर गंदगी, जलभराव और बजबजाती नालियाँ दिखती हैं। यह किसी भी सभ्य शहर की तस्वीर नहीं हो सकती।”
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम जनता की समस्याओं से मुंह मोड़े बैठा है, और सात महीने की निष्क्रियता पर कोई औचित्य नहीं है। “अगर सफाईकर्मियों की भर्ती में और देरी हुई, तो समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से नगर निगम प्रशासन की होगी,” उन्होंने चेतावनी दी।
सपा कार्यकर्ताओं ने धरने के दौरान नारेबाजी करते हुए साफ कहा कि सिर्फ आश्वासन नहीं, अब परिणाम चाहिए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सपा नेता शामिल रहे