आगरा में नाबालिगों को बेची जा रही शराब: पुलिस ने सेल्समैन को किया गिरफ्तार, विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल
नाबालिगों को बेची जा रही शराब: आगरा में आबकारी विभाग की अनदेखी से बढ़ रही कानून की अनदेखी
मीरा हुसैनी चौराहा स्थित कंपोजिट दुकान से पकड़ा गया सेल्समैन, किशोर न्याय अधिनियम के तहत हुई गिरफ्तारी
आगरा।शहर में नाबालिगों को खुलेआम शराब बेचे जाने का मामला सामने आया है, जिससे कानून व्यवस्था और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मीरा हुसैनी चौराहे पर स्थित एक कंपोजिट शराब की दुकान पर सेल्समैन को नाबालिगों को शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस ने सेल्समैन विनोद कुमार को मौके से गिरफ्तार किया और उसके पास से तीन बीयर की कैन भी बरामद की। आरोप है कि सेल्समैन ने स्वीकार किया कि वह दुकान के मालिक धर्मचंद के दबाव में नाबालिगों को शराब बेचता था। यह कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77/78 के तहत की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। कई बार देखा गया है कि स्कूली वेशभूषा में बच्चे भी शराब की दुकानों के पास मंडराते नजर आते हैं, लेकिन आबकारी विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के नाम पर विभाग ने आंखें मूंद ली हैं, जिससे शराब विक्रेताओं के हौंसले बुलंद हैं।
शराब ठेकेदारों द्वारा कमाई के लालच में बचपन को दांव पर लगाया जा रहा है, जो कि समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक है। इस लापरवाही से एक ओर जहां कानून का उल्लंघन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर बच्चों का भविष्य भी खतरे में डाला जा रहा है।
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और दुकान मालिक की भूमिका की भी गंभीरता से जांच होगी। स्थानीय लोगों द्वारा भी प्रशासन से इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे मामले दोबारा न हों।
