विश्व संवाद केंद्र ने नारद जयंती पर किया पत्रकारों का सम्मान

0


“समाज में स्थिरता ला सकता है पत्रकार”: अजीत महापात्र

आगरा।विश्व संवाद केंद्र बृज प्रांत द्वारा नारद जयंती के अवसर पर एक भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन आगरा की आवास विकास कॉलोनी स्थित ग्वाल पैलेस में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और अखिल भारतीय गौ सेवा संयोजक अजीत महापात्र ने पत्रकारिता की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने देवर्षि नारद को पत्रकारिता का आदर्श बताते हुए कहा कि “समाज में स्थिरता लाने का कार्य एक सच्चा और जिम्मेदार पत्रकार ही कर सकता है।” नारद जी के गुणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे दिव्य ज्ञान से परिपूर्ण, अहंकार शून्य और तीनों लोकों में विचरण कर सत्य का संचार करने वाले युगपुरुष थे।

अजीत महापात्र ने कहा कि स्कंध पुराण में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं नारद जी का वर्णन 22 श्लोकों में किया है। उन्होंने बताया कि राक्षस कुल में जन्मे प्रह्लाद को सकारात्मक विचारों से भरने का कार्य भी नारद जी ने ही किया था। महर्षि वाल्मीकि भी नारद जी के शिष्य थे।

पुस्तक लोकार्पण और सम्मान समारोह
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और वेलनेस कोच डॉ. भानु प्रताप सिंह रहे। इस अवसर पर उनकी पुस्तक “अयोध्याः 6 दिसंबर, 1992 से 22 जनवरी, 2025 तक” का लोकार्पण भी किया गया। डॉ. सिंह ने इस पुस्तक में 1992 में अमर उजाला के रिपोर्टर के रूप में अयोध्या में जो अनुभव किए, उनका रोचक वर्णन किया है।

वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता विवेक जैन ने समारोह की अध्यक्षता की। कार्यक्रम का संचालन विनीत शर्मा (प्रचार प्रमुख, पश्चिम महानगर) ने किया।

इन पत्रकारों का हुआ विशेष सम्मान
समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों वीरेंद्र वार्ष्णेय, राजीव सक्सेना, आदर्श नंदन गुप्त, राजीव दीक्षित, शरद चौहान (पार्षद), राजीव चतुर्वेदी, अजहर उमरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मानस्वरूप स्मृति चिह्न, शॉल और पौधे प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त पत्रकार विजय गोयल, राजेश मिश्रा, वीरेंद्र चौधरी, एसपी सिंह, आरती यादव, हरीकांत शर्मा, डॉ. सुमित पांडे, शुभदा, राजू आदि को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान प्रदान करने वालों में मनमोहन निरंकारी, केशवदेव शर्मा, दिलीप गोयल, रजत सिंघल, अभिषेक फौजदार आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

नारद जी और बृज का संबंध
वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना ने बताया कि नारद जी का बृज मंडल से गहरा संबंध है। आगरा के जखोदा गांव में नारद जी का मंदिर स्थित है, जबकि नारखी गांव में स्वप्न संकेत के आधार पर शिमला मिर्च की खेती की जाती है। गोवर्धन में स्थित नारद कुंड भी इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज भी नारद जैसे पत्रकार मौजूद हैं, परंतु उन्हें संरक्षण देने वाले “ब्रह्मा, विष्णु, शंकर” जैसे संरक्षक बदल गए हैं।

विश्व संवाद केंद्र बृज प्रांत के सह प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी ने बताया कि हर वर्ष नारद जयंती के अवसर पर पत्रकारों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

कार्यक्रम में प्रांत गौ सेवा संयोजक मनोज, सौरभ शर्मा, गोविंद चौधरी, आशीष मिश्रा, राजेश त्यागी, आनंद शर्मा, उमा दत्त आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में बबिता पाठक ने कल्याण मंत्र का पाठ कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed