अपराध

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, तीन आरोपी गिरफ्तार: 153 एटीएम कार्ड, 1.06 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल व कार बरामद

0
IMG_20260310_142935369_HDR

आगरा, संवाददाता।साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एटीएम मशीनों पर लोगों को झांसा देकर उनका कार्ड बदलकर खातों से रुपये निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 153 एटीएम कार्ड, 1,06,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।

एडीशनल डीसीपी सिटी आदित्य कुमार  ने बताया कि पीड़ित ने 1 दिसंबर 2025 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 13 अक्टूबर 2025 को शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह एसबीआई एटीएम, राजपुर चुंगी सदर बाजार से पैसे निकालने गया था। एटीएम मशीन से रुपये नहीं निकलने पर वहां मौजूद दो अज्ञात युवकों ने मदद करने का झांसा दिया। इसी दौरान एक युवक ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया, जिसका उसे उस समय पता नहीं चला।
कुछ समय बाद जब खाते से लगातार ट्रांजेक्शन फेल होने लगे और बैलेंस शून्य दिखने लगा तो पीड़ित ने बैंक से संपर्क किया। बैंक से ट्रांजेक्शन डिटेल मिलने पर पता चला कि उसके खाते से कुल 16,56,319 रुपये विभिन्न माध्यमों से निकाल लिए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऐसे एटीएम बूथ तलाशते थे जहां सुरक्षा गार्ड न हो या भीड़ कम रहती हो। मशीन के कार्ड स्लॉट में फर्जी प्लेट लगाकर उसे जाम कर देते थे। जब कोई व्यक्ति पैसे निकालने आता और मशीन काम नहीं करती, तो आरोपी मदद के बहाने उसका एटीएम पिन देख लेते और असली कार्ड बदलकर नकली कार्ड दे देते थे। बाद में असली कार्ड और पिन की मदद से अलग-अलग एटीएम और पीओएस मशीनों से खाते से रकम निकाल लेते थे।
उन्होंने बताया कि यह गिरोह दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में सक्रिय था। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू कुमार शर्मा निवासी शिव पार्क खानपुर नई दिल्ली, वैभव गोयल निवासी अम्हेडा आदिपुर मवाना रोड थाना गंगानगर जनपद मेरठ और आकाश त्यागी निवासी ग्राम पुरा तहसील बुढ़ाना थाना मंसूरपुर जनपद मुजफ्फरनगर शामिल हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed