आगरा: 'जीवन प्रमाण पत्र' के नाम पर 2 लाख की ठगी, FIR दर्ज:
सिकंदरा थाना क्षेत्र में फेसबुक लिंक और फोन कॉल से फंसाया, पुलिस ने 66D में केस दर्ज किया।
आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है । ‘जीवन प्रमाण पत्र’ (Jeevan Pramaan Patra) अपडेट करने का झांसा देकर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए । पीड़ित की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच शुरू कर दी है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदरा के आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर-9 के निवासी नरेंद्र मोहन अग्रवाल ने यह शिकायत दर्ज कराई है ।
उन्होंने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि 28 अक्टूबर 2025 को उनके फेसबुक पर ‘जीवन प्रमाण पत्र’ अपडेट करने का एक लिंक आया । इसके तुरंत बाद, उन्हें दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कॉल भी प्राप्त हुए। फोन करने वालों ने खुद को बैंक अधिकारी/सर्विस प्रतिनिधि बताकर उनसे जानकारी प्राप्त कर ली !
इस ऑनलाइन धोखाधड़ी के चलते, अगले ही दिन 29 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब 4:42 बजे, उनके पीएनबी बैंक खाते (सिकंदरा बोदला रोड शाखा) से 2,00,000 (दो लाख) रुपये निकाल लिए गए !
पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने का मैसेज आया । उन्होंने सिकंदरा थाने में प्रार्थना पत्र दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 के तहत FIR दर्ज की है !
मुख्य बिंदु (Highlights)
- आगरा के सिकंदरा में ‘जीवन प्रमाण पत्र’ अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी !
- पीड़ित को फेसबुक पर लिंक और फिर फोन कॉल कर झांसे में लिया गया !
- ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर पीड़ित के खाते से 2 लाख रुपये निकाल लिए !
- सिकंदरा थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ IT एक्ट की धारा 66D में केस दर्ज !
