Uncategorized

'क्रॉम्पटन' के नाम पर बेच रहे थे नकली वायर, छीपीटोला में कंपनी की रेड,: 99 बंडल बरामद, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

0
1762490637157

आगरा।

आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र स्थित छीपीटोला बाजार में एक नामी इलेक्ट्रिकल कंपनी ‘क्रॉम्पटन’ के नाम पर नकली तार (Wire) बेचे जाने का भंडाफोड़ हुआ है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना रकाबगंज पुलिस के साथ दुकान पर छापा मारा। मौके से 99 बंडल नकली क्रॉम्पटन वायर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई मौके से फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला?

मोहाली (पंजाब) स्थित आरके एंड एसोसिएट्स में ऑपरेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत अमित दूबे ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। उनकी कंपनी को M/S Crompton Greaves Consumer Electricals Ltd. ने यह अधिकार दिया है कि वे उनके ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवा सकते हैं।

दूबे ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से गुप्त सूचना मिली थी कि आगरा के छीपीटोला में M/S वैभव इलेक्ट्रीकल (दुकान नं. 25/17/8) के मालिक यश जैन और वैभव जैन, क्रॉम्पटन कंपनी के नाम से नकली तार को असली बताकर बेच रहे हैं।

पुलिस के साथ मिलकर की छापेमारी

इस सूचना पर अमित दूबे अपनी सहकर्मी रचना कपूर के साथ थाना रकाबगंज पहुँचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। थाने से एसआई कौशलेन्द्र सिंह, एसआई राजबाबू और कांस्टेबल हितेश पाल की टीम को साथ लेकर उन्होंने वैभव इलेक्ट्रीकल दुकान पर छापा मारा।

छापेमारी के वक्त दुकान पर दो व्यक्ति मौजूद थे। काउंटर पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम यश जैन और पीछे खड़े व्यक्ति को अपना भाई वैभव जैन बताया।

99 बंडल नकली तार बरामद, एक फरार

पुलिस टीम ने जब दुकान की तलाशी ली, तो काउंटर के पीछे रखे क्रॉम्पटन वायर के बंडल मिले। गिनती करने पर 1.5 mm के 40 बंडल और 1.0 mm के 59 बंडल, यानी कुल 99 बंडल बरामद हुए।

जब यश जैन से इन बंडलों के संबंध में क्रॉम्पटन कंपनी से संबंधित कोई बिल या दस्तावेज मांगे गए, तो वह कुछ भी पेश नहीं कर सका। माल को भौतिक निरीक्षण में नकली पाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, पुलिस की इस कार्यवाही के दौरान दूसरा आरोपी वैभव जैन मौके से फरार हो गया।

कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मौके से बरामद 99 बंडल नकली तारों को चार प्लास्टिक बोरों में सील कर दिया और आरोपी यश जैन को गिरफ्तार कर थाने ले आई। अमित दूबे की तहरीर के आधार पर थाना रकाबगंज में यश जैन और वैभव जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट 1957 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी वैभव जैन की तलाश कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed