महालक्ष्मी मंदिर हादसा: दीवार ढही, लोग यमुना में गिरे, पूरे शहर में मच गया हड़कंप

अफवाहों के बीच प्रशासन ने रात भर सर्च ऑपरेशन कराया; देर रात तक किसी के डूबने की पुष्टि नहीं की गई — पांच घायल

आगरा। थाना कमला नगर क्षेत्र मे बल्केश्वर के महालक्ष्मी मंदिर पर सोमवार शाम अचानक चबूतरा और दीवार का हिस्सा धंस गया, जिससे वहां मौजूद कुछ लोग यमुना में जा गिरे और अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पूरे शहर में हड़कंप फैल गया। यमुना का जलस्तर पहले से ही खतरे के निशान से ऊपर था और लोग जलभराव के कारण सुरक्षित स्थानों की तरफ पलायन कर रहे थे। इसी बीच महालक्ष्मी मंदिर के पिछले हिस्से में बने चबूतरे का पिछला हिस्सा और दीवार धंसने से वहाँ इकट्ठे लोग बहने लगे। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीमों ने मिलकर लोगों को धीरे-धीरे नदी से बाहर निकाला।
घटना के बाद प्रशासनिक तंत्र सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी व डीसीपी सिटी सोनम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। देर रात तक एनडीआरएफ व गोताखोरों ने यमुना में तलाश की, पर किसी के डूबने की पुष्टि नहीं हुई।
भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के अनुसार, जब वे मौके पर पहुँचे तो पार्षद हरिओम बाबा, दीपक ढल व पूजा बंसल भी मौजूद थे। भीड़ में दो महिलाएँ और एक पुरुष आए और बताया कि उनके घरों से एक-एक व्यक्ति लापता है। इसे देखकर प्रशासन ने तलाशी और तेज कर दी।
मौके पर पहुँची नगर निगम टीम और अन्य अधिकारी प्रभावित स्थल की स्थिति देखकर राहत व बचाव कार्य का समन्वय कर रहे हैं। डीएम ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा रखें।
यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदियों के किनारे आवाजाही सीमित करने और जरूरी सेवाओं को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की गई है।