5 वर्षीय बच्चे के अपहरण और ₹2 लाख फिरौती मामले का खुलासा —: महताब बाग के पास पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, दो फरार
एसीपी छत्ता पियूष कान्त ने दी पूरी जानकारी — पुलिस की 10 टीमों की तेजी से बच्चे की सकुशल बरामदगी, दो अपहरणकर्ता गोली लगने से घायल

आगरा।
आगरा पुलिस ने एक 5 वर्षीय बच्चे के अपहरण और ₹2 लाख की फिरौती मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर लिया है। घटना के खुलासे के दौरान महताब बाग के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हुए, जबकि दो अन्य फरार हैं।
एसीपी छत्ता पियूष कान्त ने बताया कि 24 अक्टूबर 2025 की दोपहर को थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में एक बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल सीनियर अधिकारी और थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को लेकर जाते हुए दिखाई दिया।
कुछ समय बाद बच्चे के पिता को WhatsApp के माध्यम से ₹2 लाख की फिरौती मांगी गई। शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई, और पुलिस आयुक्त आगरा द्वारा 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सर्विलांस, चेकिंग, सीसीटीवी विश्लेषण और दबिश के माध्यम से लगातार कार्रवाई की।
लगातार बढ़ते पुलिस दबाव के चलते आरोपियों ने रात करीब 9 बजे बच्चे को घर के पीछे अंधेरे में छोड़कर भाग निकले, जिससे बालक सकुशल बरामद हो गया।
इसी क्रम में, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सघन तलाशी और कॉम्बिंग अभियान चलाया। जब एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के महताब बाग के पास आरोपियों को घेरा गया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी – साबिर पुत्र ताज मोहम्मद और सत्य प्रकाश उर्फ बबलू पुत्र प्रमोद (दोनों निवासी प्रकाश नगर) को पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
दो अन्य आरोपी – गगन उर्फ कारें (बच्चे का चाचा) और आकाश उर्फ हल्लू – मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस कांबिंग ऑपरेशन जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, साथ ही अपहरण में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया।
घायल अभियुक्तों को इलाज के लिए एस.एन. हॉस्पिटल भेजा गया, और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
