अपराध

ट्रैक्टर के नाम पर किसान से लाखों की ठगी,: एजेंसी और फाइनेंस कंपनी पर केस दर्ज

0
IMG_20251009_054558



आगरा किसान धोखाधड़ी मामला


आगरा में एक किसान के साथ ट्रैक्टर खरीदने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। किसान का आरोप है कि ऑटो मोबाइल एजेंसी और फाइनेंस कंपनी ने उसके नाम पर फर्जी लोन निकालकर ट्रैक्टर हड़प लिया। न्यायालय के आदेश पर ताजगंज थाने में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

किसान से 2.25 लाख रुपये लिए, पर दस्तावेज नहीं दिए

डौकी क्षेत्र के नगला विसे निवासी सतेन्द्र सिंह ने बताया कि वे 1 अक्टूबर 2023 को अपने पिता और पुत्र के साथ शमशाबाद रोड स्थित पचौरी ऑटो मोबाइल पर ट्रैक्टर और रोटो ट्रेलर खरीदने गए थे। एजेंसी के प्रोपराइटर पवन कुमार पचौरी और रमन कुमार पचौरी ने ट्रैक्टर की कीमत 7.50 लाख रुपये और रोटो ट्रेलर की कीमत 1.10 लाख रुपये बताई।

सतेन्द्र सिंह ने लोन पर ट्रैक्टर खरीदने की बात कही, जिस पर उनसे 2.25 लाख रुपये डाउन पेमेंट मांगा गया। किसान ने यह रकम नकद में एजेंसी मालिकों को दे दी।

कोटक महिंद्रा से कराया गया फर्जी लोन

किसान का कहना है कि शोरूम में मौजूद कोटक महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के अधिकारी ने बाकी 6.25 लाख रुपये का लोन कराने की बात कही। इस दौरान उन्होंने सतेन्द्र सिंह से इंडसइंड बैंक के छह चेक ले लिए और ट्रैक्टर ले जाने की अनुमति दे दी।

लेकिन जब किसान ने ट्रैक्टर के बीमा और आरसी दस्तावेज मांगे, तो कहा गया कि बाद में दे दिए जाएंगे। कई बार मांगने पर भी दस्तावेज नहीं दिए गए।

एजेंसी ने ट्रैक्टर वापस लिया, फिर बेच दिया

सतेन्द्र सिंह ने बताया कि एक माह बाद जब उन्होंने दस्तावेजों के लिए दबाव डाला, तो एजेंसी ने बिल कैंसिल बताकर ट्रैक्टर वापस मंगवा लिया।

1 नवंबर 2023 को वे ट्रैक्टर लेकर पहुंचे, तो एजेंसी ने वाहन यह कहकर वापस ले लिया कि उसका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है।

आरोप है कि इसके बाद एजेंसी ने वही ट्रैक्टर किसी और व्यक्ति को बेच दिया और किसान के पैसे व चेक दोनों हड़प लिए।

लोन कंपनी से आया नोटिस, तब खुला राज

मामले का खुलासा तब हुआ जब कोटक महिंद्रा कंपनी के कर्मचारी किसान के घर पहुंचे और बताया कि उनके नाम पर 7.50 लाख रुपये का लोन चल रहा है। किसान को यह सुनकर झटका लगा कि जिस ट्रैक्टर पर लोन है, वह तो उनके पास है ही नहीं।

12 जून 2025 को जब वे दोबारा एजेंसी पहुंचे, तो मालिकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए कहा कि “लोन तुम्हारे नाम पर है, अब किस्त भी तुम ही भरो।”

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुई FIR

किसान ने बताया कि जब उन्होंने थाना ताजगंज में शिकायत दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बाद में उन्होंने अदालत का रुख किया।

न्यायालय के आदेश पर थाना ताजगंज में एफआईआर दर्ज की गई।

एफआईआर में एजेंसी के मालिक पवन कुमार पचौरी, रमन कुमार पचौरी, कोटक महिंद्रा के एक अधिकारी और एक अन्य व्यक्ति को नामजद किया गया है।

किसान ने की न्याय की मांग

पीड़ित किसान सतेन्द्र सिंह का कहना है कि एजेंसी और फाइनेंस कंपनी ने मिलकर एक संगठित गिरोह बनाकर किसानों के साथ ठगी की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed