आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में ज्वैलरी कारोबारी के बेटे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक युवती और उसके साथी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि युवती ने मृतक को प्रेमजाल में फंसाकर उससे रुपये ऐंठने शुरू किए और विरोध करने पर धमकी व मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसी उत्पीड़न के चलते युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

युवती पर प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग का आरोप

पीड़ित मुकेश वर्मा ने बताया कि उनका बेटा राजा उर्फ प्रिन्स नगला लालदास रायभा में ज्वैलरी की दुकान चलाता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान कीर्ति शर्मा नाम की युवती से हुई। परिजनों का आरोप है कि युवती ने बातचीत के दौरान राजा के साथ आपत्तिजनक फोटो खींचे और बाद में उन्हें आधार बनाकर रुपये की मांग करना शुरू कर दिया। परिवार का दावा है कि युवती इस तरह कई अन्य युवकों से भी उगाही करती है।

रुपये न देने पर मारपीट और झूठे केस की धमकी

पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब राजा ने रुपये देने से मना किया तो युवती और उसके साथी तरुण ने उसके साथ मारपीट की। परिवार का कहना है कि युवती ने राजा को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी, जिसके चलते वह लगातार तनाव में रहने लगा।

19 अक्टूबर को जहरीला पदार्थ खाया, अस्पताल ले जाते समय मौत

परिजनों ने बताया कि 19 अक्टूबर 2025 की सुबह राजा उर्फ प्रिन्स ने मानसिक दबाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। स्थिति बिगड़ने पर उसे दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार ने यह भी आशंका जताई है कि युवक ने जहर स्वयं नहीं खाया, बल्कि आरोपितों ने जबरन जहर दिया हो सकता है।

कॉल रिकॉर्ड में 99 कॉल, परिवार बोला—यह उत्पीड़न का प्रमाण

24 अक्टूबर को परिजनों ने मृतक का मोबाइल चेक किया। कॉल रिकॉर्ड में 19 अक्टूबर के दिन युवती कीर्ति के 53 कॉल और साथी युवक तरुण के 46 कॉल दर्ज मिले। परिजनों के अनुसार लगातार कॉल कर दबाव बनाना ही युवक के तनाव का बड़ा कारण था।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

सिकंदरा थाना पुलिस ने युवती और उसके साथी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, मारपीट, धमकी और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल्स, मोबाइल डेटा के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *