शादी के बाद खुला सच:: कार की मांग और दूसरी महिलाओं से संबंध होने का आरोप,
आगरा। सिकंदरा की एक नवविवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उसे एहसास हो गया कि उसका रिश्ता दिखावे के अलावा कुछ नहीं था।
पीड़िता के अनुसार परिवार ने उसकी शादी पर करीब 20–25 लाख रुपये खर्च किए थे। सोने–चांदी के जेवर, गृहस्थी का सामान और नकद सब कुछ अपनी सामर्थ्य से बढ़कर दिया था, लेकिन ससुराल वालों को यह भी कम लगा। पीड़िता का कहना है कि शादी के दूसरे ही दिन से कार की मांग शुरू हो गई और रोज ताने दिए जाने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति समीर गुप्ता उससे साफ-साफ कहता था कि उसने यह शादी सिर्फ दहेज के लिए की है। पीड़िता का यह भी कहना है कि पति कई महिलाओं से संबंध रखता था। उसके मोबाइल में चैट, फोटो और वीडियो देखकर जब उसने सवाल उठाया तो उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, तकिए से गला दबाकर जान लेने की कोशिश तक की गई।
पीड़िता ने बताया कि सास और ननद उसके सारे जेवर और स्त्रीधन अपने कब्जे में रखे हुए हैं और वापस करने से साफ इनकार कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि विदाई के समय उसे सिर्फ एक जोड़ी कपड़े और मंगलसूत्र पहनाकर मायके भेज दिया गया।
इसके बाद भी पीड़िता की मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। उसका आरोप है कि 15 मई की शाम पति, ससुर और पति का एक मित्र आशीष गंगवार मायके पहुंच गए। घर में घुसकर अभद्रता की गई और पीड़िता को जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश हुई। इसी दौरान आशीष ने गलत नीयत से पकड़ लिया, जिससे पीड़िता का कुर्ता फट गया और उसकी लज्जा भंग हुई। विरोध करने पर उसके परिवार के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई। जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष लगातार दबाव बना रहा है कि कार दो, तभी उसे घर रखा जाएगा। न तो तलाक देने को तैयार हैं और न ही जेवर लौटाने को। शिकायत करने पर कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। पीड़िता अब मानसिक रूप से टूट चुकी है और परिवार सहित दहशत में है।
पीड़िता की तहरीर पर थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
