गिहारा बस्ती में आरोपियों को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम से भिड़े लोग, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज
आगरा। दिल्ली में लूट के आरोपियों को पकड़ने आगरा आई पुलिस टीम को क्या पता था कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ेगा। हरीपर्वत क्षेत्र की गिहारा बस्ती में दो वांछित आरोपियों को हिरासत में लेकर जा रही दिल्ली पुलिस की टीम पर हमला करने, कार पर पथराव करने और शीशे तोड़ने का आरोप लगा है। हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई हुई और आरोप है कि दोनों आरोपियों को छुड़ा लिया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
दबिश के बाद शुरू हुआ हंगामा
दिल्ली के थाना सब्जी मंडी में दर्ज लूट के मामले में पुलिस को अभिषेक उर्फ जुड़ी और अनिकेत उर्फ कालू की तलाश थी। दोनों दिल्ली के शहादरा स्थित रहमान बिल्डिंग के निवासी बताए गए हैं। उनकी लोकेशन आगरा की गिहारा बस्ती में मिलने पर दिल्ली पुलिस की टीम स्थानीय हरीपर्वत पुलिस के सहयोग से वहां पहुंची और दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस टीम दोनों को निजी कार से ले जा रही थी। इसी दौरान उनके परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने कार को रोक लिया और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा।
कार पर पथराव, पुलिसकर्मियों से मारपीट
पुलिस की शिकायत के मुताबिक, भीड़ ने कार पर पत्थर फेंके। इससे कार के पीछे की तरफ का दायां शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को रोकने की कोशिश की तो उनके साथ हाथापाई और मारपीट की गई। इसी बीच अभिषेक को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया गया और अनिकेत भी भाग निकला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चार नामजद, अन्य की पहचान में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक सुमित की शिकायत पर हरीपर्वत थाने में बबिता, अंजलि, प्राची और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में पुलिसकर्मियों से मारपीट, पथराव, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
डीसीपी सिटी ने कही कार्रवाई की बात
डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम लूट के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में आगरा आई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस टीम के साथ अभद्रता और मारपीट की। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
