अपराध

चैन स्नैचिंग के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार: उपदेश उर्फ़ रॉकी नामक बदमाश हुआ घायल

0
IMG-20251219-WA0000

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में महिला से चैन स्नैचिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 13 दिसंबर 2025 को हुई चैन स्नैचिंग की घटना में शामिल दो आरोपियों को थाना सिकंदरा पुलिस और सिटी सर्विलांस नगर जोन टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मथुरा–मांगरोल रोड पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान हुई।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी मथुरा–मांगरोल रोड की ओर भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी उपदेश उर्फ रॉकी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने छीनी गई चैन को बेचकर प्राप्त 30 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

एसीपी हरिपर्वत अक्षय महादिक ने बताया कि 13 दिसंबर 2025 को थाना सिकंदरा क्षेत्र के करकुंज रोड पर महिला से चैन स्नैचिंग की घटना सामने आई थी। मामले में थाना सिकंदरा में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गई थीं। थाना सिकंदरा और सिटी सर्विलांस जोन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed