बडी कार्यवाही: औषधि निरीक्षक पर प्रशासनिक कार्यवाही, तत्काल प्रभाव से तबादला
आगरा में तैनात औषधि निरीक्षक कपिल शर्मा के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्यवाही की गई है। शासन ने उन्हें बिना किसी प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा कराए तत्काल प्रभाव से सहारनपुर स्थानांतरित कर दिया है। यह कार्यवाही सीधे तौर पर विभागीय सख्ती और निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त करने की कार्रवाई के रूप में देखी जा रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सचिव ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि अधिकारी को नई तैनाती पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यवाही के चलते आगरा में औषधि निरीक्षक का पद फिलहाल खाली हो गया है, जिससे विभागीय हलकों में हलचल मची हुई है।
सूत्रों के अनुसार यह कदम औषधि विभाग में जवाबदेही तय करने और कार्यप्रणाली में कसावट लाने की दिशा में उठाया गया है। हालांकि आगरा में अभी तक किसी नए अधिकारी की तैनाती नहीं की गई है। इस संबंध में सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय ने बताया कि उन्हें फिलहाल किसी नई नियुक्ति की जानकारी नहीं है।
प्रशासनिक कार्यवाही के बाद यह सवाल भी उठने लगे हैं कि दवाओं की जांच और निगरानी व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आगे क्या वैकल्पिक इंतजाम किए जाएंगे। अब शासन की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
