क्या-क्या नकली मिलेगा आगरा में!: दवाई, जूते, वायर के बाद अब नकली पाइप का खेल उजागर
आगरा।आगरा एक बार फिर नकली सामान के गढ़ के रूप में सुर्खियों में है। कभी नकली दवाइयां, कभी नकली जूते, फिर नकली वायर — और अब सामने आया है नकली पीवीसी पाइप का बड़ा रैकेट। छत्ता थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नामी ब्रांड ‘सुप्रीम’ के नाम पर नकली पाइप बेचने वाले दुकानदार को रंगे हाथों पकड़ा है। मौके से 143 बंडल नकली पाइप बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, M/S सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड की अधिकृत प्रतिनिधि रचना कपूर को सूचना मिली थी कि बेलनगंज स्थित M/S श्री पार्श्वनाथ पाइप स्टोर का मालिक आकाश जैन उनकी कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर रहा है। इस सूचना पर रचना कपूर और उनके सहयोगी अमित दूबे ने पुलिस टीम के साथ दुकान पर छापा मारा।
जांच के दौरान दुकान से ‘सुप्रीम’ मार्का लगे नकली पीवीसी पाइप के 143 बंडल बरामद किए गए। इनमें आधा इंच के 57, पौना इंच के 23, एक इंच के 53 और सवा इंच के 10 बंडल शामिल थे। जब पुलिस ने बिल या असली कंपनी के दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई सबूत पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर दुकान से बरामद पाइप जब्त कर लिए हैं। जांच में यह खुलासा हुआ है कि ये पाइप असली सुप्रीम ब्रांड की नकल कर बाजार में बेचे जा रहे थे, जिससे कंपनी और सरकार दोनों को भारी नुकसान पहुंच रहा था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला एक बार फिर आगरा में नकली कारोबार के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है — आखिर कब थमेगा यह “नकली सामान का खेल”?
