रिलायंस मैनेजर बनकर किया 3 लाख का ठगी:: आगरा पुलिस विभाग में तैनात कर्मी से पैसे लेकर सामान भी नहीं भेजा, चेक भी बाउंस
आगरा। वीआईपी प्रोटोकॉल संभालने वाले आगरा जोन, कार्यालय में तैनात एक मुआरक्षी से रिलायंस कंपनी का असिस्टेंट मैनेजर बनकर 3 लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने 50% डिस्काउंट पर अमेज़न–स्नैपडील से महंगा सामान दिलाने का लालच देकर रकम अपने खाते में डलवाई, लेकिन न तो सामान भेजा और न ही पैसे लौटाए। इतना ही नहीं—राशि लौटाने के नाम पर भेजा गया चेक भी दो बार बाउंस हो गया और आखिरी बार फोन पर धमकी देते हुए कहा—“पैसे भूल जाओ, वरना जान से मार दूंगा।”
होटल मैनेजर के जरिए हुई मुलाकात
पीड़ित मुआरक्षी चरण सिंह के अनुसार वी मेहमानों के चेक-इन/चेक-आउट हेतु आगरा के होटलों के लगातार संपर्क में रहते हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात द-होस्टलर्स होटल के मैनेजर रजत तिवारी के माध्यम से अंकित रॉयल नाम के युवक से हुई, जो खुद को जोधपुर का रहने वाला तथा वर्तमान में जयपुर का बताता था।
यही युवक रजत तिवारी की शादी में भी शामिल था और छह माह तक होटल में रुका रहा।
दिल्ली बुलाकर रिलायंस असिस्टेंट मैनेजर बनकर दिया ऑफर
पीड़ित एक दिन काम से दिल्ली गए थे, तभी अंकित रॉयल ने उन्हें इंदिरापुरम, गाजियाबाद स्थित विन्डसर अपार्टमेंट में अपने फ्लैट पर ठहरने का प्रस्ताव दिया।
इसी दौरान उसने खुद को रिलायंस रिटेल का असिस्टेंट मैनेजर बताते हुए कहा—
“आप लकी हो, अभी कंपनी में स्टॉक सेल चल रही है। मैं हर सामान 50% पर अमेज़न और स्नैपडील से दिला दूंगा।”
इस पर भरोसा करते हुए पीड़ित ने करीब 3 लाख रुपये का सामान बुक कराया और रकम उसके बैंक खाते में भेज दी।
सामान नहीं आया, बहाने बनते रहे… आईपीएल में सर्वर रूम में होने की कहानी
एक महीने तक सामान न आने पर जब पीड़ित ने पूछताछ की तो आरोपी हर बार बहाना बनाता रहा—
“भैया, स्पेशल डील है… मैं आईपीएल में सर्वर रूम में व्यस्त हूँ… जल्दी करा दूंगा…”
संदेह होने पर जब पीड़ित इंदिरापुरम पहुंचे तो पता चला कि फ्लैट “डेली रेंटल“ वाला था और अंकित रॉयल वहां से जा चुका था।
दो बार चेक बाउंस, फिर धमकी—“जान से मार दूंगा”
पैसे लौटाने के नाम पर आरोपी ने इंडसइंड बैंक का ₹2 लाख का चेक पोस्ट से भेजा।
पीड़ित ने आरोपी द्वारा बताए गए दिन पर दोनों बार बैंक में चेक लगाया, लेकिन दोनों बार चेक बाउंस हो गया।
अंतिम बार 04 अगस्त 2025 को फोन पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा—
“पैसे को भूल जाओ, ज्यादा पीछा किया तो जान से मार दूंगा।”
पीड़ित की तहरीर पर ताज़गंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
