यूपी पुलिस में SI भर्ती का झांसा देकर 2.80 लाख की ठगी: फिर जान से मारने की धमकी; होटल मालिक पर FIR
आगरा। यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक की नौकरी लगवाने का लालच देकर एक युवक से 2.80 लाख रुपये हड़पे जाने और बाद में धमकी देने का बड़ा मामला सामने आया है। फिरोजाबाद निवासी अवनीश ने होटल ऑर्बिट के मालिक सुनील चाहर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी दिलाने का भरोसा, 2.80 लाख रुपये ऐंठे
पीड़ित का कहना है कि 2021 में उसके मामेरे भाई ने उपनिरीक्षक भर्ती के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान सुनील चाहर ने खुद को ऊंचे अधिकारियों से जुड़ा बताकर भर्ती पक्का कराने का दावा किया और भरोसा दिलाकर 2.50 लाख रुपये नकद तथा 30 हजार रुपये गूगल पे पर ले लिए।
परीक्षा में चयन न होते ही बदल गया व्यवहार
चयन न होने पर जब अवनीश ने अपनी रकम वापस मांगी तो सुनील चाहर बहाने बनाने लगा। उसने खुद को एसटीएफ के दबाव में बताया और कुछ दिन शांत रहने की सलाह दी। बाद में उसने मोबाइल नंबर बंद कर लिया।
“मेरी पहुंच ऊपर तक है… पैसे भूल जाओ नहीं तो जान ले लूंगा”
पीड़ित क़ो आरोपी ने धमकाया कि उसकी पहुंच बहुत ऊपर तक है और पैसे मांगना बंद कर दे, नहीं तो उसकी जान ले ली जाएगी। लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
पीड़ित ने की सख्त कार्रवाई की मांग
अवनीश ने पुलिस आयुक्त से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और ठगी गई पूरी रकम वापस दिलाने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच तेज कर दी है।
