आगरा: भाजपा पार्षद की ज्वेलरी शॉप से सोने के कुंडल चोरी, CCTV होने के बावजूद सात दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
आगरा। हरिपर्वत थाना क्षेत्र के विजय नगर चौक, मोती लाल नेहरू रोड स्थित ज्वेलरी शॉप से सोने के कुंडल चोरी की वारदात सामने आई है। दुकान भाजपा पार्षद ऋषभ गुप्ता की है। घटना 8 सितंबर की दोपहर हुई, लेकिन FIR सात दिन बाद दर्ज की गई। हैरानी की बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद थी।
पीड़िता शिल्पी गुप्ता पत्नी ऋषभ गुप्ता ने बताया कि 8 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे तीन महिलाएं सामान खरीदने के बहाने दुकान पर आईं। बातचीत के दौरान एक महिला उन्हें उलझाए रही, दूसरी महिला ने करीब दो जोड़ी सोने के कुंडल चोरी कर तीसरी महिला को थमा दिए। इसके बाद तीनों महिलाएं बिना कुछ खरीदे दुकान से निकल गईं।
CCTV में पूरी वारदात कैद
घटना के बाद जब फुटेज चेक किया गया तो तीनों महिलाओं की करतूत कैमरे में साफ दिखाई दी। फुटेज और फोटो उसी दिन विजय नगर पुलिस चौकी इंचार्ज को व्हाट्सएप के जरिए भेजे भी गए थे।
FIR में देरी पर सवाल
घटना 8 सितंबर को हुई थी, लेकिन मुकदमा 16 सितंबर को दर्ज किया गया। CCTV होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई में हुई देरी को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने सवाल उठाए हैं।पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने इलाके के कारोबारियों में नाराजगी फैला दी है। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती थी।