कांग्रेस कार्यकर्ताओं का चुनाव आयुक्त के आवास पर प्रदर्शन, जमकर हंगामा

0

आगरा।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विजय नगर स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता “ज्ञानेश कुमार वोट चोर, आगरा छोड़” जैसे पोस्टर लेकर पहुंचे और आवास का नामकरण करने की योजना बना रहे थे।

जैसे ही कार्यकर्ता आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर हंगामा और नारेबाजी का माहौल बन गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कार्यकर्ताओं ने कवरेज कर रहे पत्रकारों से भी अभद्रता और हाथपाई तक कर दी।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष का तीखा बयान

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “ज्ञानेश कुमार भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता की तरह काम कर रहे हैं। हम उनके घर के बाहर नामप्लेट लगाने जा रहे थे। यह लोकतंत्र के हत्यारे हैं, वोट चोर हैं और संविधान को खतरे में डालने का काम कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति को तत्काल हटाया जाना चाहिए और उनके खिलाफ महाभियोग चलना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि “अगर सात दिन के भीतर ज्ञानेश कुमार जनता और राहुल गांधी से माफी नहीं मांगते हैं, तो कांग्रेस उन्हें पद पर बैठने नहीं देगी। आगरा महानगर कांग्रेस कमेटी ने तय किया है कि जब वह आगरा आएंगे, तो हम उन्हें पागलखाने में भर्ती कराने का काम करेंगे। बनारस में दस बाई दस के मकानों पर अस्सी-अस्सी वोटर बना दिए गए हैं। यहां तक कि मृतकों को भी जिंदा दिखाकर वोटर लिस्ट में नाम जोड़ दिए गए हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है और कांग्रेस किसी भी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।”

पुलिस और प्रशासन की सतर्कता

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू किया और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के आक्रामक तेवरों के चलते माहौल लंबे समय तक तनावपूर्ण बना रहा।

0 thoughts on “कांग्रेस कार्यकर्ताओं का चुनाव आयुक्त के आवास पर प्रदर्शन, जमकर हंगामा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed