पारिवारिक विवाद में चली गोली, महिला हुई घायल
थाना छत्ता क्षेत्र का मामला, विधायक निवास से 100 मीटर की दूरी पर तड़के हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र के जीवनी मंडी चौकी अंतर्गत सोमवार तड़के पारिवारिक विवाद में गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली लगने से 55 वर्षीय महिला मोनिका तोमर घायल हो गईं। उन्हें घायल अवस्था में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, परिवार में लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के चलते रविवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच गोली चल गई। बताया जा रहा है कि विवाद दो भाइयों के बीच का है, जिसकी चपेट में महिला आ गई।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही एक वायरल वीडियो में एक भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। घटना स्थल विधायक निवास से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। गोलीकांड की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और पारिवारिक विवाद की पूरी तहकीकात की जा रही है।