अपार्टमेंट के लॉन में चल रहा था जुआ, थाना न्यू आगरा पुलिस ने छापा मारकर पकड़े पांच आरोपी
जानकारी के मुताबिक थाना न्यू आगरा पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि शिवालिक अपार्टमेंट के लॉन में कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और छापा मारकर पांचों जुआरियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लक्की मंगवानी, मनीष कुमार, राजकुमार रुपाणी, नरेश और नितिन रुपाणी शामिल हैं। ये सभी आगरा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस की छानबीन में सामने आया कि आरोपियों के पास से कुल 48 हजार रुपये मिले, साथ ही पुलिस ने मौके से ताश की पूरी गड्डी यानी 52 पत्ते भी बरामद किए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू आगरा में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों और जुए के अड्डों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
