स्कूल में घुसकर शिक्षक पर हमला: धारदार हथियार से जानलेवा वार करने का आरोप
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित मॉडर्न एस.बी. कॉन्वेंट स्कूल, बाग खिन्नी महल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा के दौरान एक युवक ने स्कूल परिसर में जबरन घुसकर शिक्षक पर हमला कर दिया। घटना सोमवार सुबह की है।
धारदार हथियार से किया गया हमला
पीड़ित भगवान सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपी प्रदीप कुमार पुत्र गुलाब चंद, निवासी बाग खिन्नी महल, आगरा, स्कूल के सामने आया और जबरन स्कूल के अंदर घुस गया।
पीडित का आरोप है कि आरोपी प्रदीप ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू की और फिर धारदार हथियार (कटार) से भगवान सिंह कुशवाह और उनके बड़े भाई परशुराम पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा पूरा घटनाक्रम
घटना के दौरान स्कूल में मौजूद टीकम सिंह और अजय ने पूरे हमले को अपनी आंखों से देखा। आरोप है कि आरोपी ने जाते-जाते सभी को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना ताजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
