अपराध

भाजपा नेता पर पत्नी-पुत्र का जानलेवा हमला,: ट्रस्ट संपत्ति कब्जाने का आरोप

0
kmc_20251129_115415

आगरा। भारतीय जनता पार्टी के गंगा प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय सह-संयोजक और लोक आराधना न्यास के संस्थापक-अध्यक्ष आचार्य हरिओम गुप्ता ने पत्नी और पुत्र पर गंभीर मारपीट, जान से मारने की धमकी और ट्रस्ट की संपत्ति पर अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाना हरिपर्वत पर मुकदमा दर्ज किया गया है

पीड़ित आचार्य हरिओम गुप्ता (67) ने बताया कि वह वरिष्ठ नागरिक हैं और हाल ही में हृदय रोग के चलते उनकी एंजियोप्लास्टी हुई है। लोक आराधना न्यास के नाम से संचालित समाजसेवी संस्था के गांधी नगर, आगरा स्थित कार्यालय-भवन पर उनकी पत्नी सीमा और पुत्र मानस कथित रूप से कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि पत्नी के भाई पवन गुप्ता के निर्देश पर यह साजिश रची जा रही है।

पीडित के अनुसार 19 नवंबर 2025 की रात करीब एक बजे पत्नी और पुत्र ने ट्रस्ट कार्यालय खाली कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों, डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। शोर सुनकर चालक के मौके पर पहुंचने से उनकी जान बच सकी, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बाद 22 नवंबर 2025 को दोपहर में फिर हमला किया गया, किसी तरह बचकर वे बाहर निकल पाए।

आचार्य हरिओम गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले सितंबर में सीने में दर्द के दौरान भी उनके साथ मारपीट की गई थी। धमकी दी जा रही है कि ट्रस्ट की संपत्ति उनके नाम न करने पर उनकी हत्या कर संपत्ति बेच दी जाएगी।

थाना पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर आगे कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed