Uncategorized

कैमरून में फंसा आगरा का परिवार, पासपोर्ट जब्त: भारत लौटने की लगाई गुहार

0
2025-11-20_13-44-14

आगरा, दयालबाग निवासी धीरज जैन का परिवार अफ्रीकी देश कैमरून के दुवाला (Douala) शहर में पिछले कई महीनों से फंसा हुआ है। परिवार ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भारत सरकार और भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई है। धीरज जैन के साथ उनकी पत्नी सुप्रिया जैन और डेढ़ साल की बेटी राघवी भी मौजूद हैं। परिवार का कहना है कि कंपनी ने उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया है और भारत लौटने नहीं दिया जा रहा है।

पासपोर्ट जब्त, कॉन्ट्रैक्ट खत्म, लेकिन वापसी पर रोक

वीडियो में धीरज जैन ने बताया कि वे सतगुरु टूर एंड ट्रेवल्स में कार्यरत हैं, जिसके मालिक अनिल चंद्रानी बताए गए हैं और कंपनी का हेड ऑफिस पुणे व दुबई में है। धीरज ने बताया कि उनका दो साल का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद कंपनी उन्हें लौटने नहीं दे रही है और पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है।

19 लाख CFA की रॉबरी, केस अभी तक लंबित

परिवार के अनुसार, धीरज के साथ 2024 के सितंबर में 19 मिलियन CFA की लूट हुई थी, जिसके बाद केस चल रहा था। कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद जब उन्होंने भारत लौटने की बात कही, तो कंपनी ने उल्टा उन पर ही आरोप लगा दिए।

परिवार बोला—हमारे पास दूध और गैस तक के पैसे नहीं

धीरज की पत्नी सुप्रिया ने रोते हुए बताया कि कंपनी उन्हें कोई खर्च भी नहीं दे रही है। घर में गैस खत्म है, बच्ची के लिए फॉर्मूला मिल्क तक खरीदने की स्थिति नहीं है।

कंपनी पर गंभीर आरोप, “झूठे केस में फँसाया जा रहा है”

धीरज जैन ने आरोप लगाया कि कंपनी के दो अधिकारी—

  • जिम्मी अलवानी उर्फ़ चंद्रप्रकाश अलवानी (अजमेर)
  • मनीष ठाकुर (बिहार)

उन्हें झूठे केस में फँसा रहे हैं और लगातार धमकियाँ दी जा रही हैं। उनके मुताबिक, “अफ्रीका में पैसे देकर कुछ भी करवाया जा सकता है। आए दिन पुलिस घर पहुँचकर धमकाती है।”

भारतीय सरकार से लगाई मदद की पुकार

परिवार ने हाथ जोड़कर भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। महिला ने कहा—

सर, हमारी एक साल की बच्ची है, प्लीज हमें इंडिया भेजने की व्यवस्था कराइए। हमारी जान को खतरा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed