अपराध

67 वर्षीय उद्यमी से 12.52 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप: खोए चैक और लेटरहेड से हुआ ब्लैकमेलिंग का प्रयास

0
1762489421437
आगरा।

आगरा में एक 67 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक और उद्यमी से 12.52 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हाथरस निवासी दो व्यक्तियों ने उद्यमी के खोए हुए चैक और कंपनी लेटरहेड का इस्तेमाल कर फर्जी देनदारी बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की। न्यायालय के आदेश पर थाना न्यू आगरा में मामला दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ उद्यमी ने लगाए गंभीर आरोप

थाना न्यू आगरा में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, निर्भय नगर, रंगजी हाइट्स निवासी 67 वर्षीय सुरेश चंद, जो कई बीमारियों से पीड़ित वरिष्ठ नागरिक हैं, ने यह शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने हाथरस के सादाबाद गेट निवासी मुकेश सिंघल और बाग्ला मार्ग निवासी संजीव रावत उर्फ टीटू समेत दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों पर जबरन वसूली, धमकी और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है।

खोए दस्तावेजों से बनाई 12.52 करोड़ की देनदारी

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने एक साजिश के तहत सुरेश चंद की कंपनी ‘शक्ति पोलीटयूब प्रा. लि.’ के खोए हुए चैक और लेटरहेड का गलत इस्तेमाल किया।
पीड़ित ने बताया कि 08 मई 2017 को उनके 32 लाख रुपये के चैक और लेटरहेड गुम हो गए थे, जिसकी सूचना उन्होंने 09 जुलाई 2017 को थाना सिकंदरा में दी थी और इसका प्रकाशन समाचार पत्र में भी कराया था। अब उन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर आरोपियों ने 3.90 करोड़ रुपये का मूल और ब्याज जोड़कर कुल 12.52 करोड़ रुपये की फर्जी देनदारी दिखाते हुए पैसे मांगने शुरू कर दिए।

घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी

सुरेश चंद ने बताया कि पैसे न देने पर आरोपियों ने 13 सितंबर 2025 की शाम को घर आकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनका कहना है कि पूरी घटना का CCTV फुटेज भी मौजूद है
पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी अपने साथ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को लेकर घर और फैक्ट्री के आसपास चक्कर लगाते हैं ताकि डर पैदा किया जा सके।

पहले से दर्ज हैं अपराध

पीड़ित के अनुसार आरोपी संजीव रावत उर्फ टीटू पर पहले से ही चौथ वसूली और धमकी जैसे आपराधिक मामले थाना कोतवाली, हाथरस में दर्ज हैं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed