पति की नपुंसकता छिपाकर शादी: जेठ पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
आगरा। अपने पति के साथ सुखद वैवाहिक जीवन जीने का सपना लेकर ससुराल पहुंची एक नवविवाहिता की दुनिया उस वक्त चकनाचूर हो गई, जब उसे शादी के बाद पता चला कि उसका पति नपुंसक है और यह सच्चाई उससे जानबूझकर छिपाई गई थी। पीड़िता का आरोप है कि इसी विवाह के बाद उसे लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी और हद तब हो गई जब उसके जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाह से पहले छिपाई गई सच्चाई
पीड़िता की शिकायत के अनुसार उसका विवाह 10 मई 2024 को आगरा में पूरे विधि-विधान के साथ सचिन मित्तल से हुआ था। विवाह के बाद ससुराल पहुंचने पर प्रथम रात्रि में ही उसे पति की नपुंसकता की जानकारी हुई। जब उसने इस पर सवाल उठाया तो सास द्वारा इलाज का भरोसा देकर उसे चुप करा दिया गया।
पूरे परिवार पर षड्यंत्र का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि पति सचिन मित्तल, सास रानी मित्तल, ससुर नरेश मित्तल और जेठ आशीष मित्तल को इस सच्चाई की पहले से जानकारी थी, इसके बावजूद उसके माता-पिता से यह तथ्य छिपाकर शादी कराई गई। आरोप है कि यह पूरा विवाह एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत किया गया।
संतान के नाम पर अमानवीय दबाव
शिकायत में कहा गया है कि शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा उस पर संतान उत्पत्ति का दबाव बनाया जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि सास द्वारा जेठ आशीष मित्तल से शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला गया, जिसे उसने सख्ती से नकार दिया।
जेठ द्वारा दुष्कर्म का प्रयास
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 23 नवंबर 2025 की रात, जब उसका पति विदेश में था, उसी दौरान जेठ आशीष मित्तल जबरन उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर वह जान से मारने की धमकी देकर भाग गया, जबकि सास ने घटना को दबाने को कहा।
शिकायत करने पर मारपीट और धमकी
पीड़िता का कहना है कि पति के लौटने पर जब उसने पूरी घटना बताई तो उसे ही धमकाया गया। आरोप है कि 29 नवंबर 2025 को पति, सास, ससुर और जेठ ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
घर से निकाला, इलाज कराया गया
मारपीट के बाद पीड़िता को घर से बाहर निकाल दिया गया। परिजनों की मदद से उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उपचार कराया गया, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
