जमीन के नाम पर 70 लाख की ठगी!: कमला नगर के परिवार पर गंभीर आरोप, नामजद मुकदमा दर्ज
आगरा.शहर में जमीन के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कमला नगर निवासी कन्हैया लाल अग्रवाल और उसके परिवार पर करोड़ों के प्लॉट का झांसा देकर 70 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ितों ने पुलिस कमिश्नरेट में तहरीर देकर गिरफ्तारी की मांग की है।
बैंक में गिरवी प्लॉट को बताया ‘क्लियर’
पीड़ितों के मुताबिक, कन्हैया लाल, राजीव अग्रवाल, अंजू अग्रवाल सहित पाँच लोगों ने सेवला जाट स्थित प्लॉट संख्या 38A/464 से 470 (1427 वर्गगज) का सौदा 1.54 करोड़ रुपये में तय किया।
पीड़ित पूजा गर्ग, यश अग्रवाल और अभिनव अग्रवाल को भरोसे में लेने के लिए आरोपियों ने प्लॉट की फोटोकॉपी दिखाई और यह कहकर सौदा पक्का किया कि जमीन किसी तरह के कर्ज, गिरवी, नीलामी या विवाद से मुक्त है।
इसी भरोसे पर पीड़ितों ने 65 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और चेक के जरिए आरोपियों के खाते में भेज दिए। इसके बाद इकरारनामा भी करा दिया गया, जिस पर अंजू अग्रवाल ने गवाह की तरह हस्ताक्षर किए।
सौदे के बाद खुला बड़ा खेल
कुछ समय बाद पीड़ितों को जानकारी मिली कि जिस प्लॉट का सौदा हुआ है वह तो यस बैंक, संजय प्लेस के ऋण के बदले गिरवी पड़ा है।
केवल इतना ही नहीं बैंक ने 05 अगस्त 2025 को उस प्लॉट की नीलामी कर दी। 26 अगस्त 2025 को नई पार्टी के नाम रजिस्ट्री भी हो गई।
यानि जिस प्लॉट का सौदा करके लाखों रुपये ले लिए गए, वह आरोपियों के कब्जे में था ही नहीं।
विरोध करने पर धमकीबाजी
जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर आरोपियों ने धमकी और अभद्रता की।
नामजद मुकदमा दर्ज
पीड़ितों की लिखित तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कमला नगर में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
