अपराध

SNMC आगरा में रैगिंग: एमबीबीएस छात्र से मारपीट, सीनियर छात्रों पर मुकदमा दर्ज

0
j99udf

आगरा | सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एमबीबीएस 2023 बैच के छात्र रामकुमार के साथ सीनियर छात्रों द्वारा रैगिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है।

पीड़ित छात्र रामकुमार पुत्र कालीचरण, निवासी जिला हाथरस ने बताया कि 1 जनवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे वह एसएनएमसी अस्पताल स्थित छात्रावास की पार्किंग में अपनी गाड़ी खड़ी करने गया था। उसी दौरान वहां मौजूद सीनियर छात्र सूरज चौधरी, रितुराज जाटव, गौतम बडेरिया और विवेक ने उसे रोक लिया और रैगिंग करने का दबाव बनाया। जब रामकुमार ने रैगिंग देने से साफ इनकार किया तो आरोप है कि सीनियर छात्रों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

रामकुमार के अनुसार, उसने फोन कर अपने भाई लखन को मौके पर बुलाया, लेकिन आरोपित छात्रों ने उसके भाई के साथ भी मारपीट की और दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे और उसके भाई को जान से मारने तक की धमकी दी, जिससे वह और उसका परिवार दहशत में आ गया।

घटना के बाद पीड़ित छात्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर आरोपित सीनियर छात्रों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, कॉलेज प्रशासन भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच की बात कह रहा है। रैगिंग जैसे मामलों पर सख्त रोक के दावे एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed