करोड़ों की GST धोखाधड़ी का खुलासा,: फर्जी फर्म ‘Sankalp Trading’ पर मामला दर्ज
आगरा। राज्य कर विभाग की एक विशेष जांच में सामने आए बड़े GST घोटाले ने शहर में हलचल मचा दी है। विभाग के एक अधिकारी द्वारा लोहामंडी थाने में दर्ज कराई गई FIR में आरोप लगाया गया है कि M/S Sankalp Trading नाम की एक फर्म ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर GST पंजीकरण हासिल कर करोड़ों रुपये का कर नुकसान पहुंचाया।
आरोप है कि जून 2024 में पंजीकृत इस फर्म ने खुद को सक्रिय कारोबारी इकाई बताकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दावा किया, जबकि फर्म का व्यापार स्थल मौके पर पूरी तरह अस्तित्वहीन पाया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फर्म ने बिना किसी वास्तविक खरीद-फरोख्त के केवल कागजों पर सौदों को दिखाकर IGST ITC का बड़ा दावा किया और उसे आगे अन्य इकाइयों को पास-ऑन कर दिया।
राज्य कर विभाग के अनुसार, फर्जी ITC के इस खेल से सरकार को वित्तीय वर्ष 2024–25 में करीब ₹80 लाख से अधिक का राजस्व नुकसान हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित केंद्रीय प्राधिकारी ने फर्म का GST पंजीयन उसी तारीख से निरस्त कर दिया है, जिस दिन इसे जारी किया गया था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मामला सुनियोजित कर चोरी का है, जिसमें फर्जी दस्तावेज़ों, जाली विवरणों और बोगस फर्मों के माध्यम से लाभ उठाने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस और कर विभाग दोनों मिलकर इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
