साइबर ठगों के हौसले बुलंद!: Dy.SP के नाम से फर्जी आईडी बनाकर ठगी, मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
आगरा में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस अधिकारियों का भी डर नहीं रहा। ताजा मामला सदर क्षेत्र में तैनात पुलिस उपाधीक्षक (Dy.SP) इमरान अहमद से जुड़ा सामने आया है, जिनके नाम और फोटो का दुरुपयोग कर ठगों ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से पैसे ऐंठे।
साइबर ठगों ने फर्नीचर व अन्य सामान बेचने के बहाने लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन भुगतान कराया। कई लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं।
तीन फर्जी आईडी बनाकर फैलाया जाल
पीड़ित Dy.SP इमरान अहमद के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम से फेसबुक पर तीन फर्जी अकाउंट बनाए—
Dy SP Imran Ahmad (Fake)
Imran Ahmad Dy SP (Fake)
Dy SP Imran Ahmad (Fake)
इन आईडी के जरिए परिचितों और आम लोगों से संपर्क कर ठगी की जा रही थी।
ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट बने सबूत
पीड़ितों द्वारा किए गए भुगतान के स्क्रीनशॉट भी शिकायत के साथ पुलिस को सौंपे गए हैं, जिससे ठगी की पुष्टि हुई है।
असली आईडी सिर्फ एक
Dy.SP इमरान अहमद ने स्पष्ट किया है कि उनकी केवल एक ही वास्तविक फेसबुक आईडी है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर मौजूद सभी प्रोफाइल फर्जी हैं।
साइबर थाने में मुकदमा दर्ज, जांच तेज
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना साइबर क्राइम ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
बढ़ती साइबर ठगी बनी चुनौती
शहर में लगातार साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। कभी अधिकारी तो कभी व्यापारियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे आमजन में भी चिंता बढ़ गई है।
