पूर्व ओलम्पियन अंकित शर्मा पर जन्मतिथि में हेरफेर का आरोप: मुख्यमंत्री से की गई शिकायत
पूर्व ओलम्पियन और आयकर विभाग में खेल कोटे से कार्यरत अंकित शर्मा के खिलाफ जन्मतिथि में कथित हेरफेर कर नौकरी प्राप्त करने का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत पत्र भेजा गया है। शिकायत ग्वालियर के निवासी डॉ. राजकुमार द्वारा की गई है।
शिकायत के अनुसार, अंकित शर्मा के शैक्षणिक अभिलेखों में दर्ज जन्मतिथि और सरकारी अभिलेखों में प्रयुक्त जन्मतिथि में अंतर पाया गया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि अंकित शर्मा ने 8वीं और 12वीं की पूर्व परीक्षा उस अभिलेख के आधार पर उत्तीर्ण की, जिसमें उनकी जन्मतिथि 01 अगस्त 1987 अंकित है। सर्वोदय वी.एम. इंटर कॉलेज के रजिस्टर (क्रमांक 1105) में भी यही तिथि दर्ज होने की बात सामने आई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके पिता द्वारा एक शपथ पत्र देकर जन्मतिथि दर्ज न होने की जानकारी दी गई, जिसके आधार पर 20 जुलाई 1992 की तिथि वाला नया जन्म प्रमाणपत्र बनवाया गया। इसी आधार पर उन्होंने मध्य प्रदेश के भोपाल में पुनः 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और बाद में खेल कोटे से सरकारी सेवा प्राप्त की।
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि नई जन्मतिथि के आधार पर नौकरी लेने से अन्य पात्र खिलाड़ियों का नुकसान हुआ और अंकित शर्मा ने सरकारी लाभ भी प्राप्त किया। शिकायत पत्र में यह उल्लेख है कि ग्वालियर पुलिस ने मामले की जांच की और शिकायत को सही पाया है। संबंधित दस्तावेज शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं।
