बीजेपी पार्षद पूजा वाल्मीकि पर जानलेवा हमला: पार्षद पर छह लोगों ने किया हमला, जातिसूचक शब्दों और धमकियों से फैली दहशत
आगरा। — आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां वार्ड-26 की भाजपा महिला पार्षद पूजा वाल्मीकि पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित पार्षद पूजा वाल्मीकि के अनुसार वो अपने परिजनों के साथ किसी मामले को लेकर थाने जा रही थीं, तभी रास्ते में पुरुषोत्तम पुत्र जयवीर, भूपेन्द्र पहलवान और उनके साथ आए 3–4 अज्ञात व्यक्तियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने जातिसूचक शब्द कहे और गाली-गलौज करने के बाद “ज्यादा नेता बन रही है, नेतागीरी भुला देंगे” कहकर जान से मारने की धमकी दी।
कहासुनी के बाद स्थिति बेकाबू हो गई और मारपीट की नौबत आ गई। हमले के बाद पार्षद पूजा वाल्मीकि और उनका परिवार दहशत में है। पीड़िता ने लिखित शिकायत में कहा कि “मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा है, कृपया सुरक्षा प्रदान की जाए और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।”
पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
- वार्ड-26 की भाजपा पार्षद पूजा वाल्मीकि पर छह लोगों ने किया हमला।
- आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों के साथ दी जान से मारने की धमकी।
- एफआईआर में दो नामजद और चार अज्ञात आरोपी शामिल।
- घटना के बाद पार्षद और परिवार में दहशत।
- पुलिस जांच एसीपी लोहमंडी को सौंपी गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
