अपराध

51 लाख की जमीन का फर्जी बैनामा,: पैसे मांगने पर दी गई जान से मारने की धमकी

0
IMG_20251009_054558



आगरा समाचार: बिल्डर धोखाधड़ी

आगरा में एक बिल्डर द्वारा एक ही जमीन को कई बार बेचकर धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोप है कि बिल्डर ने पहले से बेची गई जमीन का फर्जी बैनामा कर एक व्यक्ति से 51 लाख रुपये हड़प लिए। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की और पिस्टल की नोक पर जान से मारने की धमकी दी।

जमीन खरीदने के नाम पर भरोसा

सिकंदरा के भावना स्टेट निवासी अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें जमीन की जरूरत थी। इस दौरान कमलानगर निवासी रमेश चन्द अग्रवाल उनके संपर्क में आया और बताया कि उसके पास तहसील एत्मादपुर के मौजा सतौली में जमीन है जिसे वह बेचना चाहता है। अजीत सिंह ने उस पर भरोसा कर लिया और 14 जून 2023 को 51 लाख रुपये में 0.1540 हेक्टेयर भूमि का बैनामा करा लिया।

फर्जीवाड़े का खुलासा

कुछ समय बाद अजीत सिंह को जानकारी मिली कि रमेश अग्रवाल ने पहले ही उसी गाटा संख्या की जमीन के कई हिस्से अलग-अलग लोगों को बेच दिए थे। रिकॉर्ड में सामने आया कि वर्ष 2021 और 2022 में उसने उसी भूमि के कई हिस्सों की रजिस्ट्री अन्य खरीदारों के नाम कर दी थी। जांच में यह भी पता चला कि जिस हिस्से का बैनामा अजीत सिंह के नाम हुआ, उसका वह मालिक ही नहीं था और मौके पर जमीन 215 वर्ग मीटर कम निकली।

पैसे मांगने पर धमकी और हमला

पीड़ित अजीत सिंह के अनुसार जब उन्होंने रमेश अग्रवाल से अपने पैसे वापस मांगे, तो उसने पहले टालमटोल की और बाद में धमकी देना शुरू कर दिया। जनवरी 2025 में एत्मादपुर में मुलाकात के दौरान आरोपी और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। अगस्त 2025 में दयालबाग क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने उन्हें रोककर कनपटी पर पिस्टल रख दी और धमकाया कि यदि उन्होंने जमीन के बारे में दोबारा बात की तो उन्हें जान से खत्म कर दिया जाएगा।

अदालत के आदेश पर कार्रवाई

पीड़ित ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस ने आरोपी बिल्डर और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed