शस्त्र लाइसेंस प्रकरण: STF जांच में बिल्डर का सहयोग: सामने आने से डर; जैद की पत्नी से पिस्टल खरीदने का दावा
आगरा |आगरा में सामने आए अवैध शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में बड़ा खुलासा हुआ है। मामले से जुड़े एक बिल्डर ने एसटीएफ को जांच में सहयोग करने की बात कही है, लेकिन सार्वजनिक रूप से सामने आने से डर भी जताया है। बिल्डर ने अपने बयान में दावा किया कि उसने आरोपी जैद की पत्नी से पिस्टल खरीदी थी, जिसके बदले 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी जैद ने जांचकर्ताओं को बताया था कि उसकी पत्नी के नाम कोई शस्त्र लाइसेंस नहीं है। इसके बावजूद कथित तौर पर पिस्टल का सौदा किया गया, जिससे पूरे लाइसेंस नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिल्डर और आरोपी जैद की पहली गहरी मुलाकात ताजगंज इलाके में एक मॉल और कॉलोनी के निर्माण के दौरान हुई थी। उस समय बिल्डर बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर था और उसने दोनों निर्माण स्थलों पर भारी मात्रा में बिल्डिंग मटेरियल की सप्लाई की थी।
छोटी दुकान से बड़ा बिल्डर बनने तक का सफर
सूत्रों के अनुसार, मॉल और कॉलोनी प्रोजेक्ट के बाद बिल्डर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक छोटी सी दुकान से बिल्डिंग मटेरियल का काम करने वाला व्यक्ति कुछ ही समय में बड़ा बिल्डर बन बैठा। इसी दौरान जैद से उसकी नजदीकियां और मजबूत होती चली गईं।
ऑफिस उद्घाटन में अरब पोशाक में पहुंचा था जैद
जांच में यह भी सामने आया है कि जब सिकंदरा थाना क्षेत्र में बिल्डर ने अपने ऑफिस का उद्घाटन किया था, उस दौरान जैद अरब पोशाक पहनकर वहां पहुंचा था। यह दृश्य उस वक्त भी चर्चाओं में रहा था और अब STF की फाइलों का हिस्सा बन गया है।
विवादों से रहा है बिल्डर का नाता
बिल्डर के किस्से यहीं खत्म नहीं होते। जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि:
- बसपा विधायक से जुड़े लोगों ने एक बार बिल्डर की पिटाई की थी।
- दिल्ली रोड स्थित एक ढाबे पर झगड़े के दौरान भी बिल्डर के साथ मारपीट हुई थी।
- इस घटना के बाद एक पार्षद ने थाने पहुंचकर बिल्डर को छुड़ाया था।
- मारपीट के दौरान बिल्डर के एक साथी की नाक पर फरसा लगने की भी जानकारी सामने आई है।
मुख्तार प्रकरण में चर्चित हुई जोड़ी
सूत्रों के मुताबिक, के आगरा जेल में रहने के दौरान जन्मदिन मनाने के प्रकरण में जैद और बिल्डर की जोड़ी चर्चा में आई थी। इसी प्रकरण के बाद मामले ने तूल पकड़ा।
STF जैद की पत्नी को पूछताछ के लिए बुला सकती है
एसटीएफ सूत्रों का कहना है कि जैद की पत्नी को पूछताछ के लिए तलब किया जा सकता है। पिस्टल की खरीद-फरोख्त, ऑनलाइन भुगतान और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच जारी है।
पूर्व DGP बृजलाल के बयान के बाद बनाई दूरी
मुख्तार प्रकरण के बाद के बयान सामने आने के बाद बिल्डर ने दिखावे के तौर पर जैद से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। हालांकि जांच एजेंसियां इस दूरी को औपचारिक मानते हुए सभी कड़ियों की पड़ताल कर रही हैं।
अरशद ने सरेंडर किए कई हथियार
इसी प्रकरण में एक अन्य आरोपी अरशद ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए अचानक कई हथियार सरेंडर कर दिए हैं। वर्तमान में अरशद के पास सिर्फ एक वैध लाइसेंस ही शेष बताया जा रहा है।
जांच के केंद्र में पूरा नेटवर्क
STF अब इस मामले में जैद, उसकी पत्नी, बिल्डर और उनसे जुड़े आर्थिक व आपराधिक नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल जारी है। सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं
