चाय पीने आता था, नजदीकी बढ़ाई… फिर अश्लील वीडियो बनाकर शुरू की उगाही: ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा
आगरा। छत्ता थाना क्षेत्र में स्थित एक चाय की दुकान पर रोज चाय पीने आने वाला युवक ही महिला का सबसे बड़ा खतरा बन गया। आरोपी पहले रोजाना दुकान पर चाय पीने पहुंचता था। इसी दौरान वह बातचीत के बहाने दोस्ती बढ़ाता गया, फिर नजदीकियां बनाईं और महिला के भरोसे का फायदा उठाकर उसके अश्लील फोटो और वीडियो चुपके से बना लिए। इसके बाद उसने इन्हें वायरल करने की धमकी देकर खुलकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार आरोपी अर्जुन उर्फ़ चंद्रेश, जो पथवारी का रहने वाला है, अब तक एक लाख रुपये ठग चुका है। महिला के अनुसार आरोपी ने शुरुआत में छोटी रकम मांगी, फिर लगातार फोटो–वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रकम बढ़ाता गया। हालात ऐसे हो गए कि वह अब 50 हजार रुपये और मांग रहा था और न देने पर वीडियो पूरे सोशल मीडिया पर फैलाने की धमकी दे रहा था।
लगातार मानसिक प्रताड़ना और बढ़ती धमकियों के बीच महिला ने हिम्मत जुटाकर थाना छत्ता में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। उसके मोबाइल और डिजिटल डेटा की जांच की जा रही है।
