अपराध

आगरा कॉलेज: वर्तमान और पूर्व प्राचार्य के बीच विवाद गहराया,: कोर्ट आदेश पर लोहामंडी थाने में FIR दर्ज

0
IMG_20251009_054558

आगरा कॉलेज में वर्तमान प्राचार्य डॉ. सीके गौतम और पूर्व प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ला के बीच चल रहा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। प्राचार्य डॉ. गौतम ने पूर्व प्राचार्य पर महत्वपूर्ण फाइलें, दस्तावेज, कार्यालय की अलमारियों की चाबियां और प्राचार्य आवास का प्रभार अवैध रूप से अपने पास रखने का गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। न्यायालय के आदेश पर थाना लोहामंडी में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

डॉ. सीके गौतम का कहना है कि वर्ष 2021 में डॉ. अनुराग शुक्ला ने प्राचार्य पद का कार्यभार तो संभाल लिया था, लेकिन चयन आयोग ने आरोपों के चलते उनकी नियुक्ति शून्य घोषित कर दी। इसके बाद 29 नवंबर 2024 को निदेशक ने उन्हें पदमुक्त करने की संस्तुति की। कॉलेज प्रबंधन ने वरिष्ठता के आधार पर पहले डॉ. आरके श्रीवास्तव को कार्यवाहक प्राचार्य बनाया। बाद में 21 मार्च 2025 को चयनित प्राचार्य के रूप में डॉ. सीके गौतम ने विधिवत प्रभार ग्रहण किया।

आरोप है कि पद से मुक्त होने के बावजूद डॉ. अनुराग शुक्ला ने प्रभार हस्तांतरण में सहयोग नहीं किया। निरीक्षण के दौरान समिति ने पाया कि कई अलमारियों की चाबियां, कार्यालय रिकॉर्ड, प्रत्याभूतियों से जुड़े दस्तावेज और प्राचार्य आवास से संबंधित महत्वपूर्ण सामग्री अभी भी उनके पास ही थी। प्राचार्य कार्यालय की कई फाइलें अपने निर्धारित स्थानों पर उपलब्ध नहीं थीं, जबकि कुछ अलमारियों के ताले टूटे हुए पाए गए।

डॉ. गौतम के अनुसार उन्होंने इस संबंध में कई बार पत्र, ईमेल और पुलिस को सूचना देकर प्रभार दिलाए जाने का अनुरोध किया, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्हें कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के आदेश के बाद लोहामंडी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक लोहामंडी ने बताया कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed