टोरेंट पावर ने आयोजित की ‘आगराथॉन’ मैराथन,: फिटनेस और कॉर्पोरेट वेलनेस को मिला बढ़ावा
आगरा।टोरेंट पावर की ओर से स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वार्षिक खेल महोत्सव के अंतर्गत “आगराथॉन” मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
फतेहाबाद रोड स्थित जेपी गार्डन में आयोजित इस मैराथन में विभिन्न आयु वर्ग के बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने आगरा के सुंदर वातावरण में पांच किलोमीटर की दौड़ पूरी कर फिटनेस के प्रति जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया।

आगराथॉन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं रही, बल्कि यह नियमित शारीरिक गतिविधि के लाभों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बनी। टोरेंट पावर ने फिटनेस के साथ मनोरंजन को जोड़ते हुए कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कॉर्पोरेट वेलनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस आयोजन से कर्मचारियों के बीच टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा मिला, जिससे कार्यस्थल का माहौल और अधिक सकारात्मक हुआ। आगराथॉन की सफलता के साथ टोरेंट पावर ने फिटनेस, कर्मचारी विकास और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एक बार फिर साबित की।
