अपराध

लुटेरी दुल्हन गिरोह का भंडाफोड़:: शादी के नाम पर लाखों की ठगी, पांच आरोपी नामजद

0
images (36)

आगरा। शादी के नाम पर ठगी करने वाले लुटेरी दुल्हन गिरोह का खुलासा हुआ है। कमिश्नरेट आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में इस गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता अमन जैन ने आरोप लगाया है कि ग्वालियर के बिचौलियों ने फर्जी शादी कराकर उनसे और उनके पड़ोसी से लाखों रुपये हड़प लिए।

शादी के नाम पर जालसाजी

अमन जैन की शादी 15 अक्टूबर 2025 को ग्वालियर निवासी बिचौलिया रिया, मुकेश और शेरू जैन के माध्यम से अन्तिमा जैन नामक महिला से कराई गई थी। शादी के लिए उनसे ₹1.50 लाख रुपये वसूले गए। कुछ ही दिनों बाद पता चला कि दुल्हन और बिचौलिये मिलकर ठगी का काम कर रहे हैं।

पड़ोसी भी बना शिकार

अमन जैन के पड़ोसी रानू जैन ने बताया कि उसी गिरोह ने उसकी शादी अंजलि नाम की महिला से कराई थी, जिससे उसने भी ₹1.50 लाख रुपये दिए थे। शादी के कुछ दिन बाद अंजलि घर से नकदी और गहने लेकर फरार हो गई।

भागने की कोशिश में पकड़ी गई दुल्हन

18 अक्टूबर को रानू की पत्नी अंजलि के भागने के बाद, अगले दिन अमन जैन की पत्नी अन्तिमा जैन भी घर से ₹5,000 रुपये चोरी करके भागने की कोशिश कर रही थी। अमन जैन, रानू जैन और श्रीमती रुचि जैन की मदद से उसे पकड़कर थाने लाया गया। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह फर्जी शादियों के जरिए ठगी करता है।

नामजद आरोपी

एफआईआर में जिन पांच लोगों को नामजद किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं —

  1. रिया, बिचौलिया, निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश)
  2. मुकेश, बिचौलिया, निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश)
  3. शेरू जैन, बिचौलिया, निवासी ग्वालियर (मध्य प्रदेश)
  4. अंजलि, दुल्हन (रानू जैन की पत्नी), निवासी भौरी शतुलपुरा बहरैया संत रविदास नगर भदोही (उत्तर प्रदेश)
  5. अन्तिमा जैन, दुल्हन (अमन जैन की पत्नी), पिता चन्द्रशेखर, निवासी सिरसा प्रेमनगर बद्रीनाथ मंदिर के पास (हरियाणा)

पुलिस जांच जारी

रकाबगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले संगठित नेटवर्क की तरह काम करता है। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed