आगरा: थाना एकता पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: चार गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली
आगरा। थाना एकता क्षेत्र में बुधवार देर रात इनर रिंग रोड स्थित देवरी गढ़ी पुलिया के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह वही गैंग है जिसने 19 नवंबर को मोटरसाइकिल लूट और इसके कुछ दिन बाद मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
संयुक्त टीम कर रही थी चेकिंग, संदिग्धों ने फायरिंग की
ACP ताज सुरक्षा पियूष कांत राय ने बताया कि बाइक और मोबाइल लूट की दोनों घटनाओं के वर्कआउट के लिए SOG, सर्विलांस टीम और थाना एकता पुलिस को लगाया गया था। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वही बदमाश फिर किसी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम गढ़ी देवरी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध दिखे, जिन्हें रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को गोली लगी।
दो बदमाश घायल, दो अन्य साथी भी पकड़े गए
पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम सुंदर और सूरज बताया। इनके दो अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से लूटी हुई बाइक, मोबाइल, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की गई।
घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती
फायरिंग के दौरान घायल हुए दोनों बदमाशों को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। घटना स्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस गिरोह के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
