बचपन की सहेली और उसके परिवार ने की धोखाधड़ी: व्यापार में पार्टनर बनाने का झांसा देकर 1.95 लाख रुपये हड़पे
आगरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक युवती से व्यापार में पार्टनर बनाने और विदेश में ट्रेनिंग दिलाने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मेरठ निवासी एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है मामला?
सदर बाजार के मधुनगर निवासी देवेंद्र कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी अंजलि कुमारी की जान-पहचान मेरठ निवासी स्वाती कुमारी से थी। दोनों एक साथ ट्यूशन पढ़ती थीं। इसी पहचान का फायदा उठाते हुए स्वाती ने अपने पिता संजीव कुमार, भाई सिद्धार्थ और अंशुल के साथ मिलकर एक षड्यंत्र रचा।
आरोपियों ने युवती को अपने व्यापार में पार्टनर बनाने और विदेश में ट्रेनिंग दिलाने के नाम पर लाखों रुपये के मुनाफे का लालच दिया।
किश्तों में लिए गए पैसे
झांसे में आकर युवती ने जून से जुलाई 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों पर ऑनलाइन माध्यम से कुल ₹1.95 लाख रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर किए। यह रकम स्वाती कुमारी के एसबीआई बैंक खाते में भेजी गई थी। इतना ही नहीं, व्यापारिक प्रक्रिया के बहाने युवती से कोरे कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।
पैसे मांगने पर मिली धमकी
लाभांश न मिलने पर जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद उसने 5 अगस्त को सदर बाजार थाने में और 15 अगस्त को ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद 25 अगस्त को आरोपियों ने अपने वकील के जरिए उसे नोटिस भेजकर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी।
FIR दर्ज, जांच शुरू
सदर बाजार पुलिस ने देवेंद्र कुमार की तहरीर पर स्वाती कुमारी, संजीव कुमार, सिद्धार्थ और अंशुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है और बैंक ट्रांजेक्शन के साक्ष्य खंगाल रही है।
