शाहगंज क्षेत्र निवासी विवाहिता गायब,: पति ने लगाया धर्म परिवर्तन और अपहरण का आरोप
आगरा।एक विवाहिता के धर्म परिवर्तन और जबरन बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पीड़ित पति ने पुलिस कमिश्नर आगरा को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े एक व्यक्ति जीशान कुरैशी और उसके परिवार ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराया है।
पीड़ित पति की तहरीर पर आरोपी जीशान कुरैशी, उसके पिता भूरा कुरैशी, भाई रोहित कुरैशी, बहनें सीमा और सना कुरैशी तथा अन्य परिजनों के खिलाफ FIR दर्ज कर थाना शाहगंज पुलिस जांच में जुट गई है,
दरगाह जाते समय हुई जान-पहचान, फिर बढ़ा संपर्क
पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी कुछ समय से फतेहपुर सीकरी दरगाह पर मन्नत मांगने जाया करती थी।इस दौरान उसकी जान-पहचान एक युवक जीशान कुरैशी से हुई, जो फतेहपुर सीकरी से आगरा के बीच ईको वाहन चलाता था।धीरे-धीरे संपर्क बढ़ने के बाद आरोप है कि एक दिन रास्ते में युवक ने नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को अपने घर ले गया और शारीरिक शोषण किया।उसके बाद उसने अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पहले दर्ज हुआ केस, फिर सुलह के बाद हुआ खत्म
पति को जब घटना की जानकारी हुई तो उसने संबंधित थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।बाद में आरोपी जीशान कुरैशी ने माफी मांगते हुए दोबारा संपर्क न करने का वादा किया।पति ने अपनी पत्नी से अदालत और पुलिस में आरोपी के पक्ष में बयान दिलवाए, जिसके बाद मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई।
फिर दोबारा संपर्क कर महिला को किया गायब
करीब दो माह बाद वही आरोपी दोबारा सक्रिय हुआ और महिला को धोखे से फतेहपुर सीकरी ले गया।कई दिन तक महिला घर नहीं लौटी, तो पति ने तलाश शुरू की।स्थानीय ड्राइवरों ने बताया कि आरोपी युवक, उसके पिता, भाई और दो बहनों ने मिलकर महिला का धर्म परिवर्तन करा दिया है और उसे अपने घर में जबरन बंधक बनाकर रखा है।
संगठित गिरोह होने का लगाया आरोप
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी परिवार संगठित गिरोह के रूप में कार्य करता है, जो गरीब और कमजोर परिवारों की महिलाओं को लोभ-लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने में शामिल है।
पीड़ित का कहना है कि यह गिरोह पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है और अब उसकी पत्नी को जबरन रोककर इस्लामी रीति-रिवाजों का पालन करने को मजबूर किया जा रहा है।आरोप है कि आरोपी पक्ष पीड़ित पति क़ो गालियां देने और जान से मारने की धमकी तक दे रहा है।
न्याय की गुहार: पत्नी को मुक्त कराने की मांग
पीड़ित पति का कहना है कि आरोपी युवक और उसके परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, तथा उसकी पत्नी को उनके कब्जे से मुक्त कराया जाए।
उसका कहना है कि उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे बिना मां के दर-दर भटक रहे हैं और परिवार गहरी मानसिक पीड़ा में है।
