अदालत के स्टे के बावजूद पत्नी की दूसरी शादी!: पति की चीख अनसुनी, बोला इंसाफ न मिला तो खुदकुशी कर लूंगा
फतेहाबाद रोड पर हो रही कथित जबरन शादी, पीड़ित ने कोर्ट के आदेश और शादी के दस्तावेज़ दिखाए… फिर भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
आगरा। ताज नगरी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति अपनी शादी को बचाने के लिए पुलिस और अदालत के दरवाजे खटखटा रहा है, लेकिन उसकी पुकार को लगातार नज़रअंदाज किया जा रहा है।
मैदान मंटोला निवासी कारिफ खान का आरोप है कि उनकी कानूनी पत्नी, जिससे उनका निकाह, विवाह पंजीकरण और कोर्ट सर्टिफिकेट विधि सम्मत तरीके से हैं, उसकी आज (26 दिसंबर) दूसरी शादी जबरन कराई जा रही है।
कारिफ के अनुसार, शादी का आयोजन, फतेहाबाद रोड, थाना ताजगंज क्षेत्र में एक मैरिज हाल में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लड़की के पिता मामा व अन्य रिश्तेदार इस शादी में शामिल हैं और समारोह जारी है।
कोर्ट का स्टे, फिर भी आदेश की अवमानना!
कारिफ बताते हैं कि उन्होंने फैमिली कोर्ट में सेक्शन-9 (वैवाहिक अधिकार पुनर्स्थापन) के तहत वाद दायर किया हुआ है।
जिस पर माननीय न्यायालय ने जाहिर तौर पर दूसरी शादी पर रोक (Stay Order) लगा दी है।
“मेरे पास स्टे ऑर्डर, निकाहनामा, और रजिस्ट्रेशन की कॉपी सब मौजूद है…
फिर भी मेरी पत्नी की आज दूसरी शादी हो रही है…”
पुलिस पर गंभीर आरोप
पीड़ित का दावा है कि वह पहले अपने थाना मंटोला गया लेकिन वहाँ उसे सुनवाई के बजाय अपमानित किया गया।
“थाने वाले ने दुत्कार कर भगा दिया।
मैं कार्ड दिखा रहा हूँ, कोर्ट ऑर्डर दिखा रहा हूँ…
लेकिन किसी ने मेरी बात नहीं सुनी।”
मानसिक तौर पर टूट चुका पति -भावुक अपील
कारिफ की आवाज़ में लाचारी और गुस्सा दोनों झलकते हैं:
“मेरी पत्नी की आज रुखसती है…
अगर पुलिस और प्रशासन ने आज इंसाफ नहीं दिया…
और शादी हो गई…
तो मैं आत्महत्या कर लूंगा।”
मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।लेकिन पीड़ित का दर्द कह रहा है
कार्रवाई के नाम पर अब तक सिर्फ इंतजार हुआ है…
