थाने में ही खतरा! आशिक मिजाज दारोगा की हरकतों से महिला सिपाही परेशान: ‘बात मानो तो आराम से ड्यूटी चलेगी’ महिला सिपाही ने लगाए गंभीर आरोप
शहर के एक प्रमुख सर्किल के महत्वपूर्ण थाने में तैनात महिला सिपाही अपने ही साथी दारोगा की हरकतों से परेशान है। महिला सिपाही का कहना है कि दारोगा दोस्ती के नाम पर दबाव बना रहा है और मना करने पर ड्यूटी में परेशान करने की धमकी दे रहा है। मामला पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दोस्ती के नाम पर दबाव
महिला आरक्षी सीसीटीएनएस का काम देखती है। आरोप है कि दारोगा उसकी हर गतिविधि पर नजर रखता था। कब आती है, कहां जाती है, किससे बात करती है सबकी जानकारी जुटाता रहा। विरोध करने पर उसने दोस्ती का प्रस्ताव रख दिया और कहा कि “बात मानी तो आराम से ड्यूटी चलेगी।”
इंस्पेक्टर से की शिकायत
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर महिला सिपाही ने इंस्पेक्टर को प्रकरण की सूचना दी। महिला का कहना है कि उसे थाने के अंदर ही डर लगने लगा है और दारोगा धमकी दे रहा है कि मना करने पर उसे परेशान किया जाएगा।
दारोगा छुट्टी पर भेजा गया
शिकायत के बाद इंस्पेक्टर ने दारोगा को बुलाकर कभी फटकार लगाई, कभी समझाया। कहा कि मामला उच्चाधिकारियों तक गया तो सख्त कार्रवाई होगी। इसके बाद दारोगा छुट्टी लेकर चला गया है।
मामले को दबाने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार इंस्पेक्टर ने प्रकरण को दबाने की कोशिश की, लेकिन मामला विभागीय स्तर पर पहुंच गया। कई पुलिसकर्मी इस घटना की पुष्टि कर रहे हैं और यह पूरे महकमे में चर्चा का विषय है।
मिशन शक्ति पर सवाल
महिला सुरक्षा के लिए शासन मिशन शक्ति अभियान चला रहा है। लेकिन थाने के भीतर ही महिला सिपाही असुरक्षित महसूस कर रही है, जो अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है।
लिखित शिकायत की तैयारी
चर्चा बढ़ने के बाद महिला सिपाही अब उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत देने की तैयारी में है। विभागीय स्तर पर इस मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
