आगरा: भू-माफियायों ने 85 वर्षीय महिला की संपत्ति पर कब्जा कर फर्जी रजिस्ट्री कराई
आगरा।भू-माफियाओं पर लगातार हो रही कार्रवाई के बाद भी जमीन से जुड़े आपराधिक मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताज़ा मामला आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र का है, जहां 85 वर्षीय वृद्ध महिला की खरीदी हुई जमीन पर अवैध कब्जा करने और उसे धोखाधड़ी से दो बार बेचने का गंभीर आरोप सामने आया है। वृद्धा ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी वैध रूप से खरीदी गई जमीन पर न सिर्फ कब्जा कर लिया गया, बल्कि फर्जी रजिस्ट्री कर उन्हें और उनके परिवार को धमकाया भी जा रहा है।
38 साल पुरानी खरीदी हुई जमीन को दो बार बेचा गया
शिकायत के अनुसार, वृद्ध महिला ने वर्ष 1989 में भगवती बाग, मौजा नरायच स्थित प्लॉट (खसरा संख्या 1292/89) विधि सम्मत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदा था और तब से आज तक भूमि पर उनका कब्जा रहा। इसके बावजूद, 38 साल बाद इस जमीन को दो बार फर्जी तरीके से बेच दिया गया। पहली बिक्री 7 जुलाई 2025 को हुई, जिसमें सुनील सोनी ने यह प्लॉट कमल कान्त शर्मा को बेच दिया। दूसरी बिक्री 6 सितंबर 2025 को ओमप्रकाश उर्फ ओमी द्वारा धोखाधड़ी से की गई, जिसकी जानकारी महिला को बाद में मिली।
जबरन कब्जा, ताला तोड़ना और धमकियों का आरोप
वृद्ध महिला ने बताया कि पहली फर्जी रजिस्ट्री के खरीदार कमल कान्त शर्मा, उसके भाई मनोज, अमित, प्रिंस और पिता योगेश शर्मा ने करीब डेढ़ महीने पहले प्लॉट पर लगे ताले तोड़कर जबरन कब्जा कर लिया। पुलिस द्वारा मौके पर कब्जा दिलाने के बाद भी आरोपियों ने अपना दबदबा जारी रखा। आरोप है कि पुलिस के वापस जाते ही उन्होंने महिला के पुत्र ललित कुमार झा और पोते मित्रांशु को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और भूखंड पर दोबारा आने से रोक दिया।
परिवार में दहशत, पुलिस कर रही जांच
वृद्ध महिला ने कहा है कि फर्जी बैनामा करने वाले आरोपी लगातार धमका रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। महिला और उनके परिजन न्याय के लिए पुलिस के पास पहुंचे हैं। पुलिस टीम अब आरोपों की जांच कर रही है और फर्जी रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि सहित अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
