स्कैनर में ‘डेेंजर’!: मेट्रो यात्री के पास मिले जिंदा कारतूस
आगरा। मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर सोमवार देर रात सुरक्षा जांच के दौरान एक युवक की जेब से आठ जिंदा कारतूस मिलने के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। घटना तब हुई, जब 23 वर्षीय मोहित अरेला मेट्रो में सफर करने के लिए स्टेशन पहुंचा। सुरक्षा स्कैनर से गुजरते वक्त उसकी जेब में रखे कारतूसों की तस्वीर उभरते ही UPSSF के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही रोक लिया। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और थाना रकाबगंज पुलिस को दी गई। पूछताछ के दौरान मोहित कारतूसों का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मोहित अरेला आगरा के अकबरपुर श्यामो, शमशाबाद रोड थाना एकता क्षेत्र का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसकी जेब से आठ जिंदा कारतूस के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और मनकामेश्वर से ताज ईस्ट गेट तक का मेट्रो टिकट भी मिला। बरामद कारतूसों की पैंदी पर .32 SBWL KF अंकित होने की पुष्टि की गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मोहित इन कारतूसों के स्रोत और उद्देश्य को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह कारतूस लेकर मेट्रो स्टेशन पर क्या करने आया था और कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मोहित से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों की भी छानबीन की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो जैसे संवेदनशील जोन में कारतूस के साथ पहुंचना गंभीर मामला है और जांच में अगर किसी बड़े नेटवर्क या इरादे के संकेत मिले तो कार्रवाई और भी कड़ी की जाएगी।
