अपराध

शाह मार्केट फायरिंग केस:: मुख्य आरोपी अभय चौहान गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

0
2025-12-17_14-00-17

आगरा।थाना हरिपर्वत क्षेत्र के शाह मार्केट में दस दिसंबर को दिनदहाड़े मारपीट और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गैलाना निवासी अभय चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

घटना दस दिसंबर की दोपहर की है, जब शाह मार्केट में रंगबाजी के दौरान विवाद बढ़ गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने सरेआम तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई थी। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे थे।

स्कूटी विवाद में की थी फायरिंग

पुलिस पूछताछ में अभय चौहान ने बताया कि स्कूटी पैर पर चढ़ जाने को लेकर उसका विवाद हुआ था। मारपीट के बाद उसने जान से मारने की नीयत से शाह मार्केट में फायरिंग की थी। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

एसीपी अक्षय महादिक ने बताया कि पुलिस को आरोपी की तलाश थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने पालिवाल पार्क क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अभय चौहान को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed