अपराध

स्कूल परिसर में दबंगई:: हंगामा और मारपीट मामले में पार्षद पुत्र सहित कई पर मुकदमा

0

 

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित आगरा पब्लिक स्कूल में घुसकर हंगामा, मारपीट और धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पार्षद पुत्र सहित दो नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है।

प्रकरण में स्कूल के सदस्य अमित चौधरी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 26 फरवरी 2026 को कुछ युवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से स्कूल परिसर के बाहर खतरनाक तरीके से चक्कर लगा रहे थे। स्टाफ द्वारा रोकने और समझाने पर आरोपी भड़क गए और धमकी देकर चले गए।

आरोप है कि कुछ देर बाद युवक 20-25 लोगों के साथ दोबारा स्कूल परिसर में घुस आए और कर्मचारियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की व मारपीट की। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और स्कूल बंद कराने की धमकी दी गई। घटना के दौरान हंगामा करते हुए आरोपित स्कूल संचालक के आवास तक पहुंच गए और नारेबाजी भी की।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में कैद है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई।

न्यायालय के आदेश पर थाना हरीपर्वत पुलिस ने दक्ष परमार और प्रथम गोयल उर्फ कान्हा समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed