शराबियों क़ो दिलाई शपथ: पुलिस आयुक्त के निर्देश पर बल्केशवर चौकी इंचार्ज ने चलाया अभियान
आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में थाना कमला नगर पुलिस ने बुधवार को एक सख्त अभियान चलाया। इस दौरान बल्केश्वर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग करते हुए वॉटर वर्क्स और चांदनी चौक चौराहे पर कार्रवाई की।

अभियान के तहत पुलिस ने खुले में शराब पीने वालों, ओपन बार चलाने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। मौके पर पकड़े गए लोगों को खुले में शराब न पीने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही पुलिस ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में कोई व्यक्ति इस तरह की हरकत करते पाया गया तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान चौकी प्रभारी अमित कुमार ने अपनी टीम के साथ बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और संदिग्ध वाहनों की जांच भी की। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर रोक लगाना, अराजक तत्वों पर निगरानी रखना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि –
> “कमिश्नर ऑफ पुलिस दीपक कुमार के आदेशानुसार, शहर में कानून-व्यवस्था और सामाजिक अनुशासन को बनाए रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। खुले में शराब पीने या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।”
पुलिस की इस मुहिम से बल्केश्वर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं लगातार हो रही कार्रवाई से ओपन बार कल्चर पर रोक लगती दिखाई दे रही है।
