आगरा:: आनंद नगर जगदीशपुरा में विकास न होने से नाराज़ जनता ने लगाए ‘गुमशुदा पार्षद’ के पोस्टर
आगरा | आनंद नगर, जगदीशपुरा में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से परेशान स्थानीय नागरिकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। वार्ड में लंबे समय से विकास कार्य न होने के विरोध में लोगों ने ‘गुमशुदा पार्षद’ लिखे पोस्टर लगा दिए। नागरिकों का आरोप है कि वर्षों से शिकायतों के बावजूद न तो सड़क (खड़ंजा) बनी और न ही पीने के पानी की समस्या का समाधान हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बीते करीब 20 वर्षों से के पार्षद निर्वाचित होते रहे, लेकिन विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दिए। नाराज़गी जताते हुए नागरिकों ने के पार्षद अमित पटेल और बसपा पार्षद प्रीति भारती के नाम वाले पोस्टर भी लगाए।

गंदा पानी, बीमार बच्चे और टूटे खड़ंजे
स्थानीय निवासी संगीता देवी ने बताया कि इलाके में नल से आने वाला पानी अत्यंत गंदा है, जिसमें सीवर का पानी मिला हुआ प्रतीत होता है। इसी पानी से खाना बनाना और पीना मजबूरी है, जिससे बच्चों की तबीयत बिगड़ रही है।
उनका कहना है, “गली में कीचड़ रहता है, बच्चे गिर जाते हैं, सर्दी-जुकाम और बीमारियां बढ़ रही हैं। डॉक्टर के चक्कर लगते हैं, लेकिन सुनवाई कहीं नहीं।”

आश्वासन मिले, काम नहीं
स्थानीय निवासी ने बताया कि हर चुनाव में पार्षद वोट मांगने आते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं। शिकायत करने पर “तारीख पर तारीख” दी जाती है, लेकिन काम नहीं होता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी चुनावों में बसपा का पूरी तरह बहिष्कार किया जाएगा।
प्रशासन से मांग
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि:
- तुरंत खड़ंजा/सड़क निर्माण कराया जाए
- पीने के पानी की सप्लाई की जांच कर शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जाए
- सीवर लाइन की समस्या का स्थायी समाधान हो
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
