22 लाख की शिकायत दर्ज, जांच में निकली 97 लाख की चोरी: मदन मोहन गेट चोरी केस मे पुलिस का बड़ा खुलासा
आगरा। मदन मोहन गेट थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने मात्र 7 घंटे में सफल खुलासा कर दिया है। Harmeera Footcare (हरमीरा फुटवियर) नामक फर्म से हुई इस चोरी में पुलिस ने करीब 97 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। हैरान करने वाली बात यह रही कि व्यापारी ने शुरुआत में चोरी की रकम 20 से 22 लाख रुपये बताई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर वास्तविक चोरी की रकम कहीं अधिक पाई गई।
इस मामले में पुलिस ने तीन पूर्व कर्मचारियों आकाश, नीरज और अशोक को गिरफ्तार किया है। इनमें आकाश और नीरज सगे भाई हैं, जबकि अशोक उनका पिता है। पुलिस जांच में सामने आया कि नीरज पहले इसी फर्म में काम करता था और उसे फर्म की फाइनेंशियल डीलिंग्स, सीसीटीवी की लोकेशन और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया गया।
डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि बीती रात फर्म में चोरी हुई है। सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी आदित्य के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और वादी से पूछताछ की गई। शुरुआती बयान में व्यापारी ने 20–22 लाख रुपये की चोरी बताई, लेकिन जांच और पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हुआ कि फर्म में बड़ी नकद लेन-देन होती थी।
डीसीपी के अनुसार, इस केस में एसओजी, सर्विलांस, साइबर सेल और काउंटर इंटेलिजेंस की कुल 5 टीमों को लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल किया और बरामदगी पुलिस की उम्मीद से कहीं ज्यादा—96 लाख 95 हजार रुपये—हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घने कोहरे की रात का फायदा उठाया। मास्क लगाकर फर्म में घुसे, ग्रिल काटी और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग रोकने के लिए DVR का तार काट दिया। हालांकि, पुलिस की प्रोफेशनल जांच के आगे आरोपी ज्यादा देर नहीं टिक सके
फिलहाल आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, लेकिन अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, बरामद रकम के स्रोत की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों को सूचना दी जाएगी। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस कमिश्नर की ओर से टीम को ₹25,000 का कैश रिवॉर्ड भी दिया गया है।
